मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़े विभागीय कोचिंग संस्थानों के 77 अभ्यर्थी सफल

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़े विभागीय कोचिंग संस्थानों के 77 अभ्यर्थी सफल

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़े विभागीय कोचिंग संस्थानों के 77 अभ्यर्थी सफल

लखनऊ, 05 फरवरी । प्रतिभावान युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। समाज कल्याण मंत्रालय की तरफ से संचालित पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्रों से मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे 77 अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा 2024 में मुख्य परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने गुरुवार को सफल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस संकल्प को साकार कर रही है, जिसमें हर प्रतिभाशाली युवा को आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना आगे बढ़ने का अवसर मिले।

समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि भागीदारी भवन स्थित कोचिंग से 40, अलीगंज स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र से 20, हापुड़ स्थित राजकीय आईएएस व पीसीएस कोचिंग केंद्र से 17 अभ्यर्थी यूपी पीसीएस-2024 की मुख्य परीक्षा में सफल हुए हैं।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभावान युवाओं को उच्चस्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराना है। योजना के अंतर्गत अभ्यर्थियों को नि:शुल्क आवासीय सुविधा,भोजन, पुस्तकालय, ऑनलाइन और ऑफलाइन क्लासेज की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है। साथ ही विषय विशेषज्ञों की नियमित कक्षाएं, मुख्य परीक्षा केंद्रित उत्तर लेखन अभ्यास, मॉडल टेस्ट, परीक्षा पैटर्न आधारित विशेष सत्र और आवश्यक अध्ययन-सामग्री भी दी जाती है।