यूपी एसटीएफ ने 50 हजार के इनामी आरोपी को बिहार से किया गिरफ्तार, चंदौली के गौ-तस्करी मामले में था फरार
चंदौली में दर्ज मामले में लंबे समय से फरार था आरोपित
प्रयागराज, 01 जुलाई । उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की प्रयागराज फील्ड इकाई ने बुधवार को काफी दिनों से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी को बिहार के गया जनपद से गिरफ्तार किया। यह जानकारी एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने दी है।
उन्होंने बताया कि बिहार के गया जनपद के आसन थाना क्षेत्र स्थित हमजापुर गांव निवासी नुरुल खान को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ 2025 में चंदौली के बबुरी थाना में गौ-तस्करी का मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार का इनाम घोषित किया है।
उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित वारंटीडीह गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह ट्रक और कंटेनर पर चालक एवं क्लीनर का कार्य करता था। पुलिस कार्रवाई और इनाम घोषित होने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए बिहार में रह रहा था। एसटीएफ प्रयागराज फील्ड के निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम ने आरोपित को गिरफ्तार किया और अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए चंदौली पुलिस को सौंप दिया है। मामले में स्थानीय पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।
---------------