STF के हत्थे चढ़ा शातिर अपराधी: 50 हजार का इनामी रईस 'लम्बू'
प्रयागराज एसटीएफ की बड़ी कामयाबी: आजमगढ़ से 50 हजार का इनामी बदमाश रईस उर्फ लम्बू गिरफ्तार
प्रयागराज, 09 मई । उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने शनिवार को आजमगढ़ जिले के गम्भीरपुर थाना क्षेत्र से पचास हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। इसके खिलाफ गैंगस्टर सहित पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। यह जानकारी शनिवार को एसटीएफ के प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में स्थित फरीहा गांव निवासी रईस उर्फ लम्बू पुत्र इरशाद है।
एसटीएफ ने आरोपित को आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे स्थित पेट्रोल पंप के सामने चित्रा बाजार कट, थाना गंभीरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पकड़े गए रईस उर्फ लम्बू निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ में दर्ज एक मुकदमे में वांछित था। इसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी और गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ को काफी समय से आरोपित के संबंध में सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में प्रयागराज इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के निर्देश में निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम अपराधियों की तलाश में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2024 से चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है और कई मामलों में जेल भी जा चुका है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ जिले के विभिन्न थानों में चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे संबंधित धाराओं में थाना गंभीरपुर में दाखिल कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है और वह लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था।