स्मार्ट मीटर जनता की जेब पर बोझ बन चुका है, इसकी मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी : अमिताभ बाजपेयी
स्मार्ट मीटर जनता की जेब पर बोझ बन चुका है, इसकी मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी : अमिताभ बाजपेयी
कानपुर, 09 मई । स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रही ओवर बिलिंग, यूनिट बाउंस और लगातार बढ़ते बिजली बिलों से आम उपभोक्ता, व्यापारी, मजदूर और मध्यम वर्ग परेशान है। जनदबाव के बाद प्रीपेड व्यवस्था वापस लेनी पड़ी, लेकिन स्मार्ट मीटर की अनियमितताएं अब भी जारी हैं। यह बातें शनिवार को सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने सरसैया घाट पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कही।
सरसैया घाट पर आज स्मार्ट मीटर के प्रतीकात्मक “ड्रैगन मीटर” का विसर्जन कर सरकार की बिजली नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विधायक अमिताभ बाजपेई की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान “स्मार्ट मीटर की लूट बंद करो” जैसे नारे लगाए गए।
वक्ताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था जनता को राहत देने के बजाय अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। लोगों को वास्तविक खपत से अधिक बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था “स्मार्ट मीटर” नहीं बल्कि “स्मार्ट चीटर” बन चुकी है।
प्रदर्शन के दौरान जनविरोधी बिजली नीतियां वापस लेने, स्मार्ट मीटर की मनमानी और ओवर बिलिंग पर रोक लगाने, पुराने मीटर दोबारा लगाने और पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम में नीरज सिंह, पार्षद हरी ओम पांडेय, पार्षद मो. साथिया, पार्षद रजत बाजपेई, कुतुबुद्दीन मंसूरी, विजय अवस्थी, वीरेन्द्र त्रिपाठी, अंकित सचान, चंकी गुप्ता, सुरभित जायसवाल, विकास कनौजिया, बालजी पांडे, अमित चौरसिया, राकेश पांडे, निशांत गुप्ता, शुभम जायसवाल, प्रदीप सिंह, पुण्य जैन, विक्की जायसवाल, मोहम्मद ओवैस, दानिश, रियाज अहमद, राजू, राजेश कन्नौजिया, सचिन यादव और आकाश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।