उत्तर मध्य रेलवे की माल लदान में 7.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि, चार माह में 7.24 मिलियन टन माल का परिवहन
उत्तर मध्य रेलवे की माल लदान में 7.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि, चार माह में 7.24 मिलियन टन माल का परिवहन
प्रयागराज, 05 अगस्त उत्तर मध्य रेलवे ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले चार माह (अप्रैल से जुलाई) के दौरान माल लदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस अवधि में रेलवे ने 7.24 मिलियन टन माल का परिवहन किया, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि के 6.73 मिलियन टन की तुलना में 7.6 प्रतिशत अधिक है। यह जानकारी बुधवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।
रेलवे की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में खाद्यान्न, सीमेंट और कंटेनर परिवहन में विशेष वृद्धि दर्ज की गई। खाद्यान्न के लदान में 70.3 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई। वहीं, कंटेनर परिवहन में 13 प्रतिशत और सीमेंट लदान में 11.6 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1.35 मिलियन टन सीमेंट का परिवहन किया गया। अन्य वस्तुओं के लदान में 9.9 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1.88 मिलियन टन माल का परिवहन हुआ, जबकि पेट्रोलियम एवं तेल उत्पादों का 2.25 मिलियन टन परिवहन किया गया।
मंडलवार प्रदर्शन में प्रयागराज मंडल सबसे आगे
इस मंडल ने 30.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए अपना माल लदान 2.29 मिलियन टन से बढ़ाकर 2.98 मिलियन टन कर लिया। इस उपलब्धि में खाद्यान्न लदान में 257 प्रतिशत तथा सीमेंट लदान में 42.9 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके अलावा,झांसी मंडल ने 3.1 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3.28 मिलियन टन माल का लदान किया। यहां खाद्यान्न में 26.7 प्रतिशत और अन्य वस्तुओं के लदान में 14.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, आगरा मंडल ने लगभग 1 मिलियन टन माल का परिवहन किया और कंटेनर परिवहन में 33.3 प्रतिशत की सराहनीय वृद्धि हासिल की।
उत्तर मध्य रेलवे को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 22.98 मिलियन टन माल लदान का लक्ष्य मिला है। रेलवे ने पहले चार माह में ही इस लक्ष्य का 31.5 प्रतिशत हासिल कर लिया है।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि माल लदान में हुई यह वृद्धि रेलवे की बेहतर परिचालन व्यवस्था, समय पर वैगन उपलब्ध कराने और लॉजिस्टिक्स तंत्र को मजबूत बनाने के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे उद्योगों, व्यापारिक संस्थानों और ग्राहकों को तेज, सुरक्षित एवं विश्वसनीय माल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है तथा निर्धारित वार्षिक लक्ष्य को समय से पहले पूरा करने के लिए सभी मंडलों में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।