योगी सरकार की कैशलेस चिकित्सा योजना को गति, 13,634 आवेदन दर्ज; 36.12 करोड़ रुपये की धनराशि का विवरण
योगी सरकार की कैशलेस चिकित्सा योजना को गति, 13,634 आवेदन दर्ज; 36.12 करोड़ रुपये की धनराशि का विवरण
लखनऊ, 19 नवंबर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कार्मिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने योजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में यूपी डीबीई (UP DBE) और यूपी डीएसई (UP DSE) के अंतर्गत जिलेवार आवेदनों, संबंधित धनराशि और विशिष्ट सदस्यों के आंकड़ों की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान दोनों श्रेणियों के जिलेवार आंकड़ों में कुल 13,634 आवेदन सामने आए। इनमें यूपी डीबीई के अंतर्गत 12,274 आवेदनों के सापेक्ष लगभग 32.80 करोड़ रुपये की धनराशि दर्ज की गई, जबकि यूपी डीएसई के अंतर्गत 1,360 आवेदनों के सापेक्ष लगभग 3.32 करोड़ रुपये की धनराशि का विवरण दर्ज है। विशिष्ट सदस्यों की संख्या यूपी डीबीई में 7,858 और यूपी डीएसई में 734 दर्ज की गई।
जिलेवार आंकड़ों से योजना की प्रगति का आकलन
योजना के अंतर्गत प्रस्तुत जिलेवार आंकड़े बेसिक और माध्यमिक शिक्षा से जुड़ी दोनों श्रेणियों में आवेदनों तथा संबंधित धनराशि की स्थिति हैं। यूपी डीबीई में आवेदनों और धनराशि का आंकड़ा यूपी डीएसई की तुलना में अधिक दर्ज किया गया है। समीक्षा में दोनों श्रेणियों के आंकड़ों को अलग-अलग रखते हुए योजना के क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन किया गया।
यूपी डीबीई में 12,274 आवेदन दर्ज
यूपी डीबीई के अंतर्गत प्रदेश में कुल 12,274 आवेदन दर्ज किए गए हैं। इनके सापेक्ष 32,80,79,562 रुपये की धनराशि और 7,858 विशिष्ट सदस्य दर्ज हैं। जिलेवार आंकड़ों में गोरखपुर 529 आवेदनों के साथ शीर्ष पर है। आजमगढ़ में 465, जौनपुर में 438, लखनऊ में 384, प्रयागराज में 330, बरेली में 314, सीतापुर में 304 और वाराणसी में 288 आवेदन दर्ज किए गए हैं।
धनराशि के मामले में जौनपुर में 1,26,04,917 रुपये, आजमगढ़ में 1,04,69,616 रुपये और गोरखपुर में 90,42,604 रुपये दर्ज किए गए हैं। कानपुर नगर में 87,83,139 रुपये तथा प्रयागराज में 82,17,643 रुपये की धनराशि का विवरण भी सामने आया है।
यूपी डीएसई में 1,360 आवेदन दर्ज
यूपी डीएसई के अंतर्गत कुल 1,360 आवेदन दर्ज किए गए हैं। इनके सापेक्ष 3,32,15,462 रुपये की धनराशि और 734 विशिष्ट सदस्य दर्ज हैं। इस श्रेणी में भी गोरखपुर 118 आवेदनों के साथ पहले स्थान पर है। मऊ में 85, कुशीनगर में 71, शाहजहांपुर में 67, आजमगढ़ में 55, प्रयागराज में 51, बरेली में 47 और कानपुर नगर में 45 आवेदन दर्ज किए गए हैं। धनराशि के लिहाज से गोरखपुर में 21,64,934 रुपये, जौनपुर में 20,69,261 रुपये, वाराणसी में 16,99,618 रुपये और प्रयागराज में 16,99,378 रुपये दर्ज किए गए हैं। गाजीपुर में 11,47,727 रुपये तथा आजमगढ़ में 11,17,804 रुपये की धनराशि का विवरण है।