प्रयागराज से यशवंतपुर समेत 4 स्पेशल ट्रेनें रहेंगी रद्द, 30 सितंबर से 17 अक्टूबर तक असर

आगासोद स्टेशन पर यार्ड री-मॉडलिंग के चलते प्रयागराज-यशवंतपुर और कानपुर सेंट्रल-मदुरै साप्ताहिक विशेष ट्रेनों के निर्धारित फेरे अलग-अलग तारीखों पर निरस्त किए गए हैं।

प्रयागराज से यशवंतपुर समेत 4 स्पेशल ट्रेनें रहेंगी रद्द, 30 सितंबर से 17 अक्टूबर तक असर

प्रयागराज, 26 सितंबर । आगासोद स्टेशन पर यार्ड री-मॉडलिंग का कार्य होने के कारण रेल प्रशासन ने प्रयागराज से चलने वाली यशवंतपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन समेत चार विशेष ट्रेनों के कुछ फेरों को निरस्त करने का निर्णय लिया है। इसके तहत गाड़ी संख्या 04149 प्रयागराज-यशवंतपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन के 30 सितंबर, सात और 14 अक्टूबर के फेरे निरस्त रहेंगे। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 04150 यशवंतपुर-प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन तीन, 10 और 17 अक्टूबर को नहीं चलेगी।

इसी क्रम में गाड़ी संख्या 01925 कानपुर सेंट्रल-मदुरै साप्ताहिक विशेष ट्रेन के 30 सितंबर, सात और 14 अक्टूबर के फेरे निरस्त किए गए हैं। वापसी में गाड़ी संख्या 01926 मदुरै-कानपुर सेंट्रल साप्ताहिक विशेष ट्रेन तीन, 10 और 17 अक्टूबर को निरस्त रहेगी।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने शनिवार काे बताया कि आगासोद स्टेशन पर यार्ड री-मॉडलिंग कार्य के कारण इन विशेष ट्रेनों के निर्धारित फेरों को अस्थायी रूप से निरस्त किया गया है। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए यात्री नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) या रेलवे की हेल्पलाइन संख्या 139 का उपयोग कर सकते हैं।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि निरस्त किए गए फेरों की तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। यार्ड री-मॉडलिंग कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों के संचालन से संबंधित जानकारी रेलवे की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।