बाबा खाटू श्याम के श्रद्धालुओं को रेलवे की सौगात, प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक विशेष ट्रेन का झींझक स्टेशन पर होगा ठहराव

बाबा खाटू श्याम के श्रद्धालुओं को रेलवे की सौगात, प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक विशेष ट्रेन का झींझक स्टेशन पर होगा ठहराव

बाबा खाटू श्याम के श्रद्धालुओं को रेलवे की सौगात, प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक विशेष ट्रेन का झींझक स्टेशन पर होगा ठहराव


प्रयागराज, 03 अगस्त । बाबा खाटू श्याम के दर्शन के लिए यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज-सीकर-प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन (04161/04162) का झींझक स्टेशन पर ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह जानकारी उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी ।

उन्होंने बताया कि यात्रियों की लगातार मिल रही मांग और सुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे कानपुर देहात क्षेत्र के झींझक और आसपास के यात्रियों को प्रयागराज तथा राजस्थान के सीकर तक सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। विशेष रूप से बाबा खाटू श्याम के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को इससे बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 04161 प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक विशेष ट्रेन प्रत्येक सोमवार को 10 अगस्त 2026 से 30 नवंबर 2026 तक कुल 17 फेरों में संचालित होगी। यह ट्रेन झींझक स्टेशन पर रात्रि 9:01 बजे पहुंचेगी और 9:03 बजे प्रस्थान करेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04162 सीकर-प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को 11 अगस्त 2026 से 1 दिसंबर 2026 तक कुल 17 फेरों में चलेगी। वापसी यात्रा में यह ट्रेन झींझक स्टेशन पर प्रातः 3:21 बजे पहुंचेगी और 3:23 बजे रवाना होगी। जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने कहा कि इस अतिरिक्त ठहराव से यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी और उन्हें अन्य स्टेशनों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और आरक्षण की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें।