ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार अधेड़ की मौत
ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार अधेड़ की मौत
प्रयागराज, 23 जुलाई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित जार्जटाउन थाना क्षेत्र के रामबाग रेलवे ओवर ब्रिज पर बुधवार देर रात ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे में प्रयागराज के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के लाल बहादुर शास्त्री मार्ग निवासी रजनीश कुमार (46) पुत्र अजय कुमार की मौत हो गई। वह बुधवार देर रात स्कूटी से रामबाग की ओर मेडिकल कॉलेज चौराहे से जा रहे थे। रास्ते में रेलवे ओवर ब्रिज पर सामने से आ रहे ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्कूटी सवार को उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय ले गई, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे के संबंध में स्कूटी के नम्बर से मृतक की पहचान की। पुलिस परिवार से तहरीर लेकर गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई कर रही है।