प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ नियंत्रण कक्ष सतर्क
-24 घंटे में यमुना 34 और छतनाग में गंगा 29 सेंटीमीटर बढ़ीं, सभी तटबंध सुरक्षित
प्रयागराज, 03 सितंबर । प्रयागराज में गंगा और यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है। बीते 24 घंटे के मध्य नैनी में यमुना का जलस्तर 34 सेंटीमीटर और छतनाग में गंगा का जलस्तर 29 सेंटीमीटर बढ़ा है। जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण कक्ष लगातार निगरानी कर रहा है। हालांकि दोनों नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं और सभी तटबंध सुरक्षित हैं।
प्रभारी बाढ़ नियंत्रण कक्ष निखिल प्रसाद ने बताया कि नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। तटवर्ती क्षेत्रों और तटबंधों की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रखा गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी बदलाव की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
गुरुवार सुबह आठ बजे तक नैनी में यमुना का जलस्तर 82.54 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 34 सेंटीमीटर बढ़ा है। फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 82.93 मीटर रहा, जिसमें सात सेंटीमीटर की वृद्धि हुई। छतनाग में गंगा का जलस्तर 82.16 मीटर दर्ज किया गया, जो 29 सेंटीमीटर बढ़ा है। वहीं, बक्शी बांध स्थित एसटीपी पर जलस्तर 82.63 मीटर रहा, यहां 23 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई।
प्रयागराज में गंगा-यमुना के लिए खतरे का निशान 84.734 मीटर है। इस लिहाज से दोनों नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे हैं। सुबह तक किसी भी नदी क्षेत्र में वर्षा दर्ज नहीं की गई।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष की ओर से जलस्तर की नियमित निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।