ई-रिक्शा के लिए क्लस्टरवार नंबरिंग और कलर कोडिंग होगी लागू: मंडलायुक्त लोकेश एम

प्रयागराज में ई-रिक्शाओं का होगा व्यापक सर्वे, रूट और जाम वाले स्थान किए जाएंगे चिन्हित; मेडिकल कॉलेज के सामने 7 से 8 फीट तक अतिक्रमण हटाने के निर्देश।

ई-रिक्शा के लिए क्लस्टरवार नंबरिंग और कलर कोडिंग होगी लागू: मंडलायुक्त लोकेश एम

प्रयागराज, 21 सितंबर। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को कम करने के लिए ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित किया जाएगा। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने सोमवार कहा कि ई-रिक्शा का व्यापक सर्वे कर उनकी संख्या, रूट और प्रमुख कंजेशन वाले स्थानों को चिन्हित किया जाए। इसके बाद क्लस्टरवार नंबरिंग और कलर कोडिंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि किसी एक स्थान पर ई-रिक्शा का अत्यधिक जमाव न हो। उन्होंने इसके लिए तीन दिन में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


मंडलायुक्त ने विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज, नगर आयुक्त साईं तेजा, आरटीओ, प्रवर्तन, एसीपी ट्रैफिक, बीएसए और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने ई-रिक्शा, ऑटो, ई-ऑटो और डग्गामार बसों के संचालन को व्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 28-डी तथा उत्तर प्रदेश मोटरयान नियमावली के नियम-14 के प्रावधानों के अनुसार ड्राइवर और कंडक्टर के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म और बैज अनिवार्य रूप से लागू कराने के निर्देश दिए। आरटीओ को सभी संबंधित चालकों का चिन्हांकन कर उन्हें निर्धारित वर्दी और बैज पहनने के लिए निर्देशित करने को कहा गया। नियमों के अनुसार खाकी बुश शर्ट या कोट, फुल ट्राउजर और कैप निर्धारित है।

ई-रिक्शा के सर्वे में उनकी संख्या, संचालन के रूट, नगर निगम सीमा के अंदर और बाहर संचालन, अधिक संख्या वाले मार्ग तथा प्रमुख जाम वाले स्थानों को चिन्हित किया जाएगा। इसके आधार पर शहर को आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग जोन में बांटकर ई-रिक्शा की क्लस्टरिंग और रूट निर्धारित किए जाएंगे। इसके लिए पीडीए उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त, आरटीओ और एसीपी ट्रैफिक की समिति गठित की गई है। समिति को तीन दिन में अपनी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

मंडलायुक्त ने सड़क किनारे ई-रिक्शा के लिए निर्धारित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने, असुरक्षित रिक्शाओं को सड़कों से हटाने और बस स्टैंडों को व्यवस्थित करने की कार्ययोजना बनाने को कहा। दोपहिया वाहन पर चालक के पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़क किनारे रहने वाले बच्चों का होगा सर्वे

मंडलायुक्त ने शहर में सड़क किनारे रहने और सोने वाले बच्चों का सर्वे कर उनका चिन्हांकन कराने के निर्देश नगर आयुक्त और बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए। उन्होंने ऐसे बच्चों के भोजन और शिक्षा की व्यवस्था के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनकी अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए गैर सरकारी संगठनों की सहायता लेने के भी निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेज के सामने 7-8 फीट तक हटेगा अतिक्रमण

बैठक के बाद मंडलायुक्त ने थॉर्नहिल रोड, क्लाइव रोड और मेडिकल कॉलेज चौराहे का निरीक्षण किया। थॉर्नहिल रोड पर फुटपाथ से अतिक्रमण और अन्य अवरोध हटाने, सूखे पेड़ों व लकड़ियों को हटाने, पेड़ों के बेस को व्यवस्थित करने तथा खुले मैनहोल पर जाली लगाने के निर्देश दिए। क्लाइव रोड पर फुटपाथ और विद्युत पोल से संबंधित कमियों को तत्काल दूर कराने को कहा।

मेडिकल कॉलेज के सामने सड़क और फुटपाथ पर दुकानों के अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने पूरे मार्ग में सड़क और फुटपाथ को 7 से 8 फीट तक अवरोधमुक्त कराने के निर्देश दिए, ताकि पैदल यात्रियों और वाहनों का आवागमन सुगम हो सके। मेडिकल चौराहे पर श्री साईं डोसा कॉर्नर के अतिक्रमण और किचन व बर्तन धोने की व्यवस्था में स्वच्छता मानकों की कमी मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।