कार्यकर्ता ही अपने-अपने बूथ के मोदी-योगी, घर-घर पहुंचाएं सरकार की उपलब्धियां : राकेश बिंद

बूथ मजबूत होंगे तो 2027 में खिलेगा कमल, विपक्ष के झूठ और कुचक्र को बेनकाब कर जनता तक पहुंचाएं विकास का संदेश

कार्यकर्ता ही अपने-अपने बूथ के मोदी-योगी, घर-घर पहुंचाएं सरकार की उपलब्धियां : राकेश बिंद

प्रयागराज, 03 सितंबर। कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर पूरी सक्रियता के साथ काम करें। कार्यकर्ता ही अपने-अपने बूथ के मोदी और योगी हैं। उक्त बातें गुरुवार को प्रयागराज के करछना मंडल के करेहा एवं केशवपुर शक्ति केंद्रों के प्रवास के मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश मंत्री राकेश बिंद ने कहीं।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएं। विपक्ष के झूठ, भ्रम और कुचक्र को तथ्यों के साथ बेनकाब करते हुए विकास और सुशासन का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।

बूथ मजबूत होंगे तो वर्ष 2027 में हर बूथ पर कमल खिलेगा

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का मजबूती से जवाब देना होगा। जनता को बताया जाए कि पिछली सरकारों के दौरान भ्रष्टाचार, दलाली, अराजकता और गुंडागर्दी का बोलबाला था, जबकि मोदी-योगी सरकार ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे तथ्यों के साथ जनता के बीच जाएं और विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करें। राजाराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करेहा में उन्होंने बूथ समितियों के सत्यापन कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बूथ अध्यक्षों और शक्ति केंद्र संयोजकों से बूथों की स्थिति की जानकारी ली तथा सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।बूथ कार्यकर्ता संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी

राकेश बिंद ने कहा कि बूथ अध्यक्ष और शक्ति केंद्र संयोजक संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर भाजपा को मजबूत करने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ के प्रत्येक परिवार से आत्मीय संपर्क बनाएं और सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों से संवाद करें। लाभार्थियों के अनुभव भी आम जनता तक पहुंचाए जाएं, ताकि लोगों को सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ समझ में आए।

सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का आह्वान

प्रदेश मंत्री ने बूथ समितियों को सक्रिय करते हुए संगठन की रीति-नीति के अनुसार सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का आह्वान किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं के मोबाइल में सरल एप और नमो एप डाउनलोड कराने तथा नियमित रूप से दैनिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहा कि बूथों को मजबूत करते हुए कार्यकर्ता प्रयागराज यमुनापार की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा का परचम फहराने के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे।

मंडल प्रवासी एवं जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ है। उन्होंने मुख्य अतिथि और सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। मंडल अध्यक्ष सुखराज सिंह पटेल ने प्रदेश मंत्री का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि राकेश बिंद ने शक्ति केंद्र संयोजक सरतेज सिंह और शोभालाल का माल्यार्पण कर उत्साहवर्धन किया। जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश मंत्री ने इससे पहले चाका और जसरा मंडल के विभिन्न शक्ति केंद्रों पर पहुंचकर बूथ समिति सत्यापन कार्य की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं को इसे गति देने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम का संचालन मंडल उपाध्यक्ष अमर चंद्र गुप्ता ने किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ध्रुव निषाद, जिला कार्यालय मंत्री आनंद तिवारी, मनोज पटेल, शनि सिंह, राजेश साहू, अजय कुमार, दारा सिंह पटेल, अनिल साहू, पुष्पराज सिंह, चंद्रबलि सिंह पटेल सहित बूथ अध्यक्ष, बूथ समिति सदस्य और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।