प्रयागराज में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली, पेट में गोली लगने से घायल
प्रयागराज में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली, पेट में गोली लगने से घायल
प्रयागराज, 31 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के पास शनिवार काे एक युवक को गोली मारकर मोटरसाइकिल सवार बदमाश भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि खुल्दाबाद सब्जी मंडी निवासी शिवम चौधरी उर्फ ईलू गोली से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए कॉल्विन अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ के दौरान पता चला है कि आरोपित युवक और घायल युवक दोनों एक-दूसरे के पहले से परिचित हैं। शनिवार को घर के बाहर शिवम चौधरी किसी काम से निकला। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक आये और उसे गोली मारकर फरार हो गए। गोली शिवम के पेट में लगी है, जिसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। परिवार से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। एक संदिग्ध युवक से पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच के बाद ही हमले का स्पष्ट कारण पता चल पाएगा।