जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व: मनीष कुमार वर्मा

जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व: मनीष कुमार वर्मा

जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व: मनीष कुमार वर्मा

प्रयागराज, 16 जुलाई । जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। भूजल का स्तर बनाए रखने के लिए वर्षा जल संचयन और जल का विवेकपूर्ण उपयोग समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उक्त बातें गुरुवार को भूजल संरक्षण और वर्षा जल संचयन, प्रचार वाहन एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं भूजल जनजागरूकता रैली को कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना करने के बाद प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कही।

उन्होंने कहा कि भूजल सप्ताह के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। यदि हम आज जल संरक्षण के प्रति सजग होंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल संसाधन सुनिश्चित कर सकेंगे।" भूजल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में गुरुवार को भूजल सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रचार वाहन आगामी दिनों में जनपद के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं विकास खंडों में भ्रमण कर भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा जल के प्रबंधित एवं विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में लोगों को जागरूक करेगा। वहीं छात्र-छात्राओं की रैली के माध्यम से भी जल बचाने और भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

रैली में जनपदीय अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली का समापन विकास भवन परिसर में हुआ।

इस अवसर पर भूजल रिचार्ज एवं वर्षा जल संचयन के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारियों के साथ जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण की आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।