उत्तर मध्य रेलवे ने लॉन्च किया ‘टोटल’ पोर्टल, 67 हजार से ज्यादा रेलकर्मियों के यात्रा भत्ता दावे होंगे ऑनलाइन

TA एवं OT Online Claim Portal के जरिए रेलकर्मी ऑनलाइन मासिक जर्नल जमा कर सकेंगे, OTP से दावों का सत्यापन और ऑनलाइन स्टेटस ट्रैक करने की सुविधा मिलेगी

उत्तर मध्य रेलवे ने लॉन्च किया ‘टोटल’ पोर्टल, 67 हजार से ज्यादा रेलकर्मियों के यात्रा भत्ता दावे होंगे ऑनलाइन

प्रयागराज, 22 सितंबर। उत्तर मध्य रेलवे ने कर्मचारियों के यात्रा और समयोपरी भत्ते के दावों की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेलवे ने ‘टोटल’ (टीए एवं ओटी ऑनलाइन क्लेम पोर्टल) की शुरुआत की है। वेब आधारित इस पोर्टल का शुभारंभ मंगलवार को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और रेलकर्मियों की मौजूदगी में किया।

इस डिजिटल व्यवस्था से कर्मचारियों को भत्ता दावा करने के लिए कागजी प्रक्रिया से काफी हद तक राहत मिलेगी। कर्मचारी अपना मासिक जर्नल ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। एचआरएमएस में दर्ज मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से दावे का सत्यापन किया जा सकेगा। इसके साथ ही कर्मचारी अपने दावे की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे और आवश्यक सूचनाएं भी प्राप्त कर सकेंगे।

पोर्टल में भारतीय रेल स्थापना संहिता के अध्याय 16 के अनुसार देय भत्तों की गणना स्वतः करने की व्यवस्था की गई है। इससे मैनुअल गणना की आवश्यकता कम होगी और गणना संबंधी त्रुटियों की संभावना भी घटेगी। अधिकारियों के लिए पोर्टल में कार्यप्रवाह प्रबंधन, रिपोर्ट तैयार करने और दावों की जांच एवं निगरानी की सुविधा उपलब्ध होगी।

पहले चरण में पोर्टल पर यात्रा भत्ता (टीए) के दावों को शामिल किया गया है। इसके बाद समयोपरि भत्ते (ओटी) के दावों को भी पोर्टल से जोड़ा जाएगा। रेलवे के अनुसार अगले 20 से 25 दिनों में यह व्यवस्था पूरी तरह क्रियाशील होने की उम्मीद है। इससे उत्तर मध्य रेलवे के 67 हजार से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। इस डिजिटल समाधान को उत्तर मध्य रेलवे के आईटी विभाग ने मुख्य प्रबंधक एवंआईटी तरुण कुमार शुक्ला के नेतृत्व में तैयार किया है।

उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवम शर्मा ने बताया कि ‘टोटल’ पोर्टल कर्मचारियों के भत्ता दावों के निपटारे की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तेज बनाएगा। इससे मैनुअल हस्तक्षेप कम होगा और दावों के निस्तारण में लगने वाला समय घटेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल कर्मचारियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ उत्तर मध्य रेलवे में कागजरहित और डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।