किसान के बेटे शिवराज बिंद ने नेशनल योगासन चैंपियनशिप में जीते चार स्वर्ण पदक
बेंगलुरु में आयोजित 7वीं नेशनल योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, मीरजापुर का नाम किया रोशन
मीरजापुर, 05 नवंबर । जिगना क्षेत्र के बौंता विशेषर सिंह गांव निवासी किसान के बेटे शिवराज बिंद ने कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित सातवीं नेशनल योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि से गांव में खुशी की लहर है।
नेशनल योगासन स्पोर्ट्स फेडरेशन के बैनर तले भारत स्काउट्स-गाइड भवन बेंगलुरु में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में शिवराज ने सुपर सीनियर वर्ग में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। इसके अलावा ट्रेडिशनल इवेंट और आर्टिस्टिक सोलो स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। आर्टिस्टिक सोलो में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
शिवराज बिंद किसान बनवारीलाल के पुत्र हैं। उनकी इस सफलता पर ग्राम प्रशासक मनोज पाठक, अनूप सिंह, आशीष यादव, विद्या सरोज, प्रकाश बिंद, दिलीप, पंकज, अमलेश, रमेश और आशीष सहित ग्रामीणों ने बधाई दी। लोगों ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।