मीरजापुर : पांच भाइयों ने एक साथ पास की यूपीटीईटी, गांव में बंटी मिठाई, सफलता बनी चर्चा
मीरजापुर : पांच भाइयों ने एक साथ पास की यूपीटीईटी, गांव में बंटी मिठाई, सफलता बनी चर्चा
मीरजापुर, 27 अगस्त । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में हलिया क्षेत्र के एक घर में पांच भाइयों की मेहनत एक साथ रंग लाई, तो पूरे गांव में खुशी का माहौल बन गया। देवघटा पांडेय गांव के बेमौरी मजरे में बुधवार को उस समय जश्न शुरू हो गया, जब यूपीटीईटी 2026 के परिणाम में एक ही परिवार के पांच भाइयों के सफल होने की खबर सामने आई। पांचों ने उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा उत्तीर्ण की है।
देवघटा पांडेय गांव के बेमौरी मजरे में रहने वाले रामसागर के तीन बेटे महेंद्र कुमार पांडेय, जितेंद्र पांडेय और रोहित कुमार पांडेय ने गांव के प्राथमिक विद्यालय से शुरुआती पढ़ाई की। इसके बाद लालगंज के बरगड़ा से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी कर प्रयागराज के राजकीय डिग्री कॉलेज से बीएड किया। वहीं गांव के रामसागर के परिवारिक भाई मनीष पांडेय के बेटे संदीप कुमार पांडेय और राजेश कुमार पांडेय ने भी प्राथमिक शिक्षा गांव में लेने के बाद मवई कला स्थित पंचशील डिग्री कॉलेज से बीएड किया।
किसी ने 120 तो किसी ने 92 अंक हासिल किए
150 अंकों की परीक्षा में पांचों भाइयों ने ईडब्ल्यूएस वर्ग से सफलता हासिल की। नॉर्मलाइज्ड स्कोर में रोहित ने 120.99, जितेंद्र ने 113.89, महेंद्र ने 106.69, संदीप ने 97.94 और राजेश ने 92.43 अंक प्राप्त किए। परिणाम आते ही परिजन खुशी से झूम उठे। रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने घर पहुंचकर सफल भाइयों को मिठाई खिलाकर बधाई देने का दाैर गुरुवार काे जारी है। एक साथ पांच भाइयों की सफलता गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पांचों भाइयों ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जिस तरह एक-दूसरे का साथ दिया, वह अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।