मऊ : पुरानी रंजिश में दो पक्ष में हुई कहासुनी के बीच लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली,एक युवक घायल
मऊ : पुरानी रंजिश में दो पक्ष में हुई कहासुनी के बीच लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली,एक युवक घायल
मऊ, 25 जून । उत्तर प्रदेश के जिला मऊ में हलधरपुर थाना क्षेत्र में जमीन और रास्ते के पुराने विवाद में गुरुवार सुबह दो पक्षों में गोलीबारी की घटना सामने आई है। गोली लगने से घायल एक युवक को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए घटना की जांच की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि हलधरपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले तेज प्रताप सिंह अपने खेत तक ट्रैक्टर के आवागमन के लिए आज रास्ता तैयार करा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के प्रवीण सिंह मौके पर पहुंचे और रास्ता बनाए जाने का विरोध करने लगे। उक्त प्रकरण में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान प्रवीण सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। गोली तेज प्रताप सिंह के पेट में जा लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके पेट में दो गोलियां लगी हैं और उनका इलाज जारी है।
एएसपी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में एक अन्य पहलू भी सामने आया है। आरोपित प्रवीण सिंह के पिता की पूर्व में हत्या हुई थी, जिसमें घायल पक्ष के लोग नामजद बताए जाते हैं। ऐसे में दोनों परिवारों के बीच पहले से तनाव और रंजिश चली आ रही थी। फिलहाल गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या हैं, इसकी निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।