ईंट-भट्ठा कारोबारी विपिन यादव पर फायरिंग के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, Thar-Scorpio समेत 3 गाड़ियां सीज

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में कारोबारी विपिन यादव उर्फ मखन्चु समेत दो लोगों पर हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पांच आरोपितों को पकड़ा।

ईंट-भट्ठा कारोबारी विपिन यादव पर फायरिंग के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, Thar-Scorpio समेत 3 गाड़ियां सीज

जौनपुर, 10 सितंबर।उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला मोड़ तिराहे के पास ईंट-भट्ठा कारोबारी विपिन यादव उर्फ मखन्चु समेत दो लोगों पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने गुरुवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त थार, स्कॉर्पियो और अर्टिगा कार भी बरामद कर सीज कर दी है। आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर हुई।

बुधवार रात विपिन यादव अपनी गाड़ी में बैठे थे। इसी दौरान थार, स्कॉर्पियो और अर्टिगा में सवार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोलीबारी में कारोबारी समेत दो लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद सरायख्वाजा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपर क्षेत्राधिकारी सदर की देखरेख और प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों के संबंध में सुराग जुटाए गए।

पुलिस के अनुसार सुराग मिलने के बाद गुरुवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें खजुरा निवासी अंकित पाल, करिया यादव और रंजीत प्रजापति, आदमपुर मझौरा निवासी धीरज यादव तथा बरैयाकाजी निवासी मोनू यादव शामिल हैं।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तीन वाहनों को भी जब्त किया है। इनमें काले रंग की थार, सफेद रंग की स्कॉर्पियो और सफेद रंग की अर्टिगा शामिल हैं। पुलिस ने तीनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।