गोरखपुर में पदयात्रा के दौरान नितिन नवीन ने कांग्रेस-सपा को बताया लोकतंत्र विरोधी

गोरखपुर में पदयात्रा के दौरान नितिन नवीन ने कांग्रेस-सपा को बताया लोकतंत्र विरोधी

गोरखपुर में पदयात्रा के दौरान नितिन नवीन ने कांग्रेस-सपा को बताया लोकतंत्र विरोधी

लखनऊ, 04 नवंबर  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में बुधवार को गाेरखपुर में भाजपा ने लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ अभियान के तहत पदयात्रा की। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर प्रहार करते हुए समूचे विपक्ष काे लाेकतंत्र का विराेधी करार दिया। उन्हाेंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव काे देश प्रदेश की जनता अच्छी तरह से जान चुकी है। भारतीय जनता पार्टी ने आज ही उत्तर प्रदेश के प्रयागराज व कानपुर में भी पदयात्राएं निकाली। प्रयागराज में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व कानपुर में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पदयात्रा का नेतृत्व किया।

भाजपा की यह पदयात्रा गोरखपुर में महाराणा प्रताप इण्टर कालेज से शुरू होकर सरदार पटेल प्रतिमा के समीप स्थित माता काली मंदिर पर पदयात्रा संपन्न हुई। गोरखपुर की पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद,जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी समेत बड़ी संख्या में विधायकाें, पदाधिकारियाें, कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि तथाकथित युवराजों के कारनामे ऐसे हैं, जो लंबे समय तक उत्तर प्रदेश की जनता को भी याद रहेंगे और देश की जनता को भी याद रहेंगे। नितिन नवीन ने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार ने कभी भी देश के संविधान का सम्मान नहीं किया, बल्कि संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का अपमान किया। इसी परिवार ने बाबा साहेब अंबेडकर को चुनाव हराने के लिए पूरी ताकत लगाई और उनको अपमानित करने का काम किया।

लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता भी सड़कों पर

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारी ये पदयात्रा हो रही है, इसके माध्यम से लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता भी पूरी तरह से सड़कों पर नजर आ रही है। इससे विपक्ष के साथियों के हाथ-पैर फूल रहे हैं। रामलीला मैदान में पूरी ताकत लगाकर जितना कहा था, उसका 10 फीसदी भी लाेग नहीं जुटा पाए, जबकि भाजपा अपने एनडीए के सहयोगी दलों के साथ मिलकर हर जिले में, हर कस्बे में उनसे बड़ी यात्रा निकाल रही है। ये है एनडीए की ताकत, ये है जनता का भरोसा और ये है जनता का विश्वास।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने इस देश की जनता को भरमाने का बहुत प्रयास किया है, लेकिन ये नया भारत है, नई सोच का भारत है, नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चलने वाला भारत है। 140 करोड़ देशवासी नरेन्द्र मोदी को अपना प्रधान सेवक मानते हैं और अपना चौकीदार भी मानते हैं। उन्हें विश्वास है कि उनके घर, परिवार और देश की रक्षा केवल प्रधान सेवक नरेन्द्र मोदी ही कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इसी राज्य में जब इंदिरा गांधी के चुनाव को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अवैध घोषित किया और कहा कि इलेक्शन कमीशन और सरकार की पूरी मशीनरी का दुरुपयोग उन्होंने किया है। कोर्ट के उस फैसले को बदलने का काम भी इसी कांग्रेस ने किया था। मैं आज स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि राहुल गांधी इस देश के लोकतंत्र में इतनी ताकत है कि आप जैसे जितने भी तथाकथित युवराज आएंगे, चले जाएंगे।

कांग्रेस एसआईआर का विरोध कर रही या घुसपैठियों को संरक्षण दे रही

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस देश की मिट्टी में अगर कोई राज करेगा तो देश का पुत्र नरेन्द्र मोदी ही करेगा, क्योंकि उन्हें देश की 140 करोड़ जनता का भरोसा और विश्वास मिला है और उन्होंने कार्य किया है, पुरूषार्थ किया है। कांग्रेेस बताए कि एसआईआर का विरोध करके घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है ? राहुल गांधी और इंडी गठबंधन बेनकाब हाे चुका है। राहुल गांधी खुद वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों और फर्जी वोटर्स की बात करते हैं, लेकिन उन्हें हटाने के लिए चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया का विरोध भी करते हैं। बिहार में 65 लाख से अधिक नाम हटाए गए, तो कांग्रेस और इंडी गठबंधन को तकलीफ होने लगी। आखिर इतना विरोध क्यों ? साफ है, यह लड़ाई लोकतंत्र की नहीं, घुसपैठियों को संरक्षण देने और अपने वोट बैंक को बचाने की है। उन्हाेंने कहा कि राहुल गांधी अब जनता को गुमराह करना बंद करें।

आपातकाल के लिये राहुल गांधी क्या माफी मांगेंगे : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस आज लोकतंत्र का उपदेश दे रही है। क्या राहुल गांधी 1975 में आपातकाल लगाने के लिए देश से माफी मांगेंगे। योगी ने कहा कि बदलाव की ताकत सपा व कांग्रेस में नहीं है। हार के बाद राहुल व अखिलेश हार का बहाना ढूंढ़ते हैं। यह लोग ईवीएम पर सवाल उठाते हैं। चुनाव जीते तो ठीक चुनाव हारे तो ईवीएम दोषी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय भी एसआईआर होता था। मतदाता सूची में घुसपैठिया शामिल हो गया था। इसलिए एसआईआर होना बहुत जरूरी है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय गोरखपुर प्रवास पर पहुंचे हैं। वे यहां पदयात्रा के अलावा लगातार दो दिन संगठनात्मक बैठकें करेंगें और आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चल रही तैयारियों की समीक्षा करेंगे और जरूरी दिशा निर्देश भी देंगे।-