जलवानपुरा में जलभराव देख भड़के महापौर, नाली-सफाई और सीवर व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
नगर की सरकार आपके द्वार’ अभियान में हनुमानकुंड वार्ड का निरीक्षण, चोक नाली मौके पर साफ कराई; नो-वेंडिंग जोन में अतिक्रमण और ई-रिक्शा की अव्यवस्था पर भी नाराजगी
अयोध्या, 02 सितंबर । उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद में 'नगर की सरकार आपके द्वार' अभियान के तहत बुधवार को हनुमानकुंड वार्ड में नगर निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी के मार्गदर्शन में हुए निरीक्षण में नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। सुबह करीब 7.30 बजे बिरला मंदिर के पीछे स्थित गली से निरीक्षण की शुरुआत हुई। महापौर ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
महापौर ने क्षेत्र में सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सीवर लाइन बदलने और उसका विस्तार करने के साथ नालियों को सीवर से जोड़ने के निर्देश दिए। माहेश्वरी कंफर्ट्स के पास सीवर लीकेज देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों ने जल निकासी की समस्या से अवगत कराया। इस पर महापौर ने स्थल के अनुरूप नाली का निर्माण कराने तथा आगे के हिस्से में सीवर लाइन डालने के निर्देश निर्माण विभाग को दिए।
निरीक्षण के दौरान कई गलियों में सड़क व गली निर्माण की आवश्यकता भी सामने आई। महापौर ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक निर्माण कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि अभय श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ एवं भारत भार्गव, महाप्रबंधक जलकर सौरभ श्रीवास्तव, मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा, सहायक अभियंता निर्माण राजपति यादव समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
जलवानपुरा में जलभराव देखकर नाराज हुए महापौर
जलवानपुरा पहुंचने पर कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति देखकर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल पंप चलाकर पानी की निकासी सुनिश्चित करने की हिदायत दी। स्थानीय लोगों ने नियमित कूड़ा उठान न होने की शिकायत भी की। इस पर महापौर ने सफाई नायक को तलब कर गलियों में नियमित और बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुरारी धर्मशाला के सामने नाली चौक होने से जलभराव की स्थिति देखकर महापौर मौके पर रुके और तत्काल नगर निगम की टीम बुलाकर नाली की सफाई कराई। स्थानीय लोगों ने नाली को ऊंचा करने के साथ उसकी गहराई बढ़ाने की आवश्यकता बताई। महापौर ने समस्या के समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने नालियों पर रैंप बनाकर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर लोहे की जालीदार रैंप बनाने की छूट देने के निर्देश दिए।
अंबेडकर पार्क का भी लिया जायजा
महापौर ने अंबेडकर पार्क में चल रहे निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने पार्क के अंदरूनी हिस्से में एक और गेट लगवाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों की आवाजाही सुविधाजनक हो सके। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
यातायात बाधित देख जताई नाराजगी
निरीक्षण के अंत में महापौर रेलवे स्टेशन मार्ग पर पहुंचे। यहां नो-वेंडिंग जोन में कई स्थानों पर ठेले-खोमचे लगे होने और ई-रिक्शा के बेतरतीब खड़े होने से यातायात बाधित मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रवर्तन दल की आठ-आठ घंटे की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पानी की टंकी की ओर से ई-रिक्शा को इस मार्ग पर अनियंत्रित रूप से आने से रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस विभाग से भी समन्वय स्थापित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
महापौर ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण तथा बेतरतीब पार्किंग के कारण आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। नगर निगम की टीम नियमित निरीक्षण कर ऐसे स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करे।
निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि अभय श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भरत भार्गव, महाप्रबंधक जलकर सौरभ श्रीवास्तव, मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा, सहायक अभियंता निर्माण राजपति यादव समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।