राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन में नवरात्रि गरबा महोत्सव में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना एवं आरती की

भक्ति, संस्कृति और उल्लास के संग जन भवन में सजा गरबा महोत्सव - विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन में नवरात्रि गरबा महोत्सव में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना एवं आरती की

लखनऊ, 11 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस रविवार की रात जन भवन के बड़े लॉन में आयोजित गरबा महोत्सव में मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग तथा हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम में राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, राज्य सूचना आयुक्त दिलीप अग्निहोत्री, भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के अधिकारी अमित कुमार चतुर्वेदी, विश्वविद्यालय के कुलपति, अन्य गणमान्य अतिथियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मां दुर्गा की पूजा-अर्चना एवं आरती से जन भवन का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थाओं के विद्यार्थियों तथा अन्य श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक गरबा नृत्य में भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने गरबा की मनोहारी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, समृद्ध लोक परंपराओं और नवरात्रि के उल्लास को साकार किया। संगीत, भक्ति और सामूहिक सहभागिता से परिपूर्ण इस आयोजन ने सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता तथा भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया। जन भवन में आयोजित यह महोत्सव भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन, युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने तथा सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जन भवन में शारदीय नवरात्रि गरबा महोत्सव का आयोजन 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक किया जा रहा है।