शादी के 13 दिन बाद ही प्रेमी के साथ चली गई महिला, पति ने दिया तलाक
शादी के 13 दिन बाद ही प्रेमी के साथ चली गई महिला, पति ने दिया तलाक
मुरादाबाद, 05 मई । उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के थाना पाकबड़ा क्षेत्र में शादी के 13 दिन बाद ही महिला प्रेमी के साथ चली गई। पति ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। मंगलवार को युवती अपने प्रेमी के साथ थाने पहुंच गई। इसकी जानकारी मिलने पर पति और उसके परिजन भी आ गए। यहां दोनों पक्षों में पंचायत हुई। पंचायत में ही पति ने उसे तलाक दे दिया।
पाकबड़ा क्षेत्र के एक गांव में बीते 9 अप्रैल को गांव निवासी युवक की शादी पड़ोस के एक गांव निवासी युवती से हुई थी। शादी के ठीक 13 वें दिन यानी 22 अप्रैल की रात दुल्हन घर में रखे कीमती जेवर और नकदी समेटकर चली गई। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज की थी। पुलिस ने जब मंगलवार को दुल्हन को पाकबड़ा में ही टैंपो स्टैंड से तलाश लिया। थाने में दुल्हन ने दो टूक कह दिया कि वह पति के साथ नहीं बल्कि अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। आखिरकार पति ने उसे तलाक दे दिया। दोनों पक्षों ने लिखित में समझौता दिया कि वे भविष्य में एक-दूसरे के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे।