वाराणसी में नोटिस मिलने पर मतदाताओं की बीएलओ से बहस

-वाराणसी शहर उत्तरी विधानसभा के नाटी इमली का मामला

वाराणसी में नोटिस मिलने पर मतदाताओं की बीएलओ से बहस

वाराणसी, 13 फरवरी। उत्तर प्रदेश के जनपद वाराणसी में एसआईआर फॉर्म में कोई भी कॉलम भरने से छोड़ने वाले, मतदाता सूची में दो जगहों पर नाम वाले और फॉर्म में कोई जानकारी सही नहीं देने वाले मतदाताओं को नोटिस आई है।

मतदाताओं को नोटिस देने के लिए उनके क्षेत्र के बीएलओ उन्हें निर्धारित स्थान पर बुलाकर नोटिस सौंप रहे हैं। शुक्रवार को वाराणसी शहर उत्तरी विधानसभा के नाटी इमली में प्राथमिक विद्यालय में नोटिस मिले एक मतदाता ने बीएलओ से खासा बहस की और नाराजगी जाहिर किया। मूलरूप से बिहार राज्य के निवासी एक मतदाता ने बीएलओ हीरामनी से दो टूक कहा कि 2003 में वह बिहार में रहते थे, बाद में बिहार से आ कर वाराणसी में रहने लगे। इस तरह उन्हें फॉर्म पूर्ण नहीं होने पर नोटिस मिली है। अब उनका नाम वोटर लिस्ट से कट जाएगा, उनके पास 2003 का कोई दस्तावेज नहीं है।

मतदाता नरेंद्र ने बताया कि उनका नाम तो वोटर लिस्ट में है लेकिन उनके दोनों पुत्रों को नोटिस मिला है। दोनों के फॉर्म में पिता का नाम नहीं भरे होने पर नोटिस मिला बताया गया है। बीएलओ से बातचीत के बाद आवश्यक जानकारी दी गई है। साथ ही में वर्ष 2003 की वोटर लिस्ट भी सौंप दी गई है। वह स्वयं ही क्वींस कॉलेज लहुराबीर मतदान स्थल पर वोट देते थे। जिस समय की वोटर लिस्ट की कॉपी उन्होंने बीएलओ को सौंपा है। जिस पर बीएलओ ने संतुष्टि जाहिर की। दूसरे मतदाताओं ने कहा कि उन्हें भी नोटिस मिली है, जिसके अलग अलग कारण है। कुछ लोगों को दो जगह पर मतदाता सूची में नाम होने पर नोटिस मिली है।