महाशिवरात्रि पर्व : मलेशिया के मंदिरों से श्री काशी विश्वनाथ दरबार में आया उपहार
महाशिवरात्रि पर्व : मलेशिया के मंदिरों से श्री काशी विश्वनाथ दरबार में आया उपहार
वाराणसी, 13 फरवरी । महाशिवरात्रि पर्व पर इस बार श्री काशी विश्वनाथ के विवाहोत्सव में देश-विदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों एवं मंदिरों से पावन भेंट एवं श्रद्धा-उपहार लगातार आ रहा है। शुक्रवार को मलेशिया के मंदिरों से भी श्री काशी विश्वनाथ धाम में पावन भेंट एवं श्रद्धा-उपहार आया।
मलेशिया उच्चायुक्त कार्यालय की प्रतिनिधि शमिला पेरूगन यह उपहार लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम में पहुंची। उन्होंने यह उपहार भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव के श्रीचरणों में सौंपा। यह जानकारी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से दी गई।
न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के नवाचार अंतर्गत मलेशिया के मंदिरों से भगवान श्री काशी विश्वनाथ महादेव को श्रद्धा-समर्पण आया है। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने एक विशिष्ट आध्यात्मिक पहल प्रारंभ किया है। इस नवाचार के अंतर्गत भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव के श्रीचरणों में देश-विदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों एवं मंदिरों से पावन भेंट एवं श्रद्धा-उपहार अर्पित किए जाने की परंपरा स्थापित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मलेशिया स्थित मंदिरों द्वारा प्रेषित उपहारों में पूजन-सामग्री एवं अन्य पावन वस्तुएं सम्मिलित है। जिन्हें मंदिर न्यास द्वारा विधिवत एवं श्रद्धापूर्वक स्वीकार किया गया। महापर्व अंतर राष्ट्रीय स्तर पर सनातन धर्म के प्रति अटूट आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक एकात्मता का सशक्त प्रतीक बन गया है।