वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर में सघन तलाशी अभियान

वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर में सघन तलाशी अभियान

वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर में सघन तलाशी अभियान

वाराणसी, 13 फरवरी । उत्तर प्रदेश के जनपद वाराणसी में कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी जिला जज के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बीती रात करीब 1:30 बजे भेजी गई थी। पूर्वाह्न में जिला जज ने इस संबंध में सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम को जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गुरुवार देर रात प्राप्त ई-मेल में कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बम निरोधक दस्ता तत्काल पहुंच गया।

डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार और कैंट थाना प्रभारी के नेतृत्व में पूरे कचहरी परिसर की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। चप्पे-चप्पे की जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। धमकी की सूचना के बाद कचहरी परिसर में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। बनारस बार और सेंट्रल बार के पदाधिकारियों ने न्यायिक कार्य स्थगित कर आपात बैठक की। अधिवक्ताओं में भी घटना को लेकर सतर्कता देखी गई।

यह ई-मेल तमिलनाडु के एक व्यक्ति द्वारा भेजे जाने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान और स्रोत का पता लगाने में जुटी है। सुरक्षा व्यवस्था एहतियातन कड़ी कर दी गई है। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस मामले में गहन छानबीन हो रही है।

बनारस बार एसोसियेशन के पूर्व महामंत्री अधिवक्ता नित्यानंद राय ने बताया कि जिला न्यायाधीश को ई-मेल के जरिए कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना के बाद जिला न्यायाधीश ने पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी। सुरक्षा कारणों से कचहरी परिसर को खाली कराया गया है। कचहरी में आज जो मुकदमे रहे, उनमें सामान्य तिथि घोषित की गई है। अधिवक्ताओं की चौकियां खाली हो चुकी हैं और तलाशी अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि कचहरी परिसर में पूर्व में भी आतंकी विस्फोट हो चुका है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होनी चाहिए।