प्रधानमंत्री दौरा : बरेका में विशाल महिला सम्मेलन के लिए भाजपा ने बनाई मॉनिटरिंग टीम

—सम्मेलन में बूथ स्तर तक की महिलाओं के भागीदारी पर जोर,हर वर्ग की महिलाओं की उपस्थिति के लिए जनसम्पर्क

प्रधानमंत्री दौरा : बरेका में विशाल महिला सम्मेलन के लिए भाजपा ने बनाई मॉनिटरिंग टीम

वाराणसी,23 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दो दिवसीय वाराणसी प्रवास और उनके कार्यक्रमों को लेकर गुरूवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रोहनिया कार्यालय में मॉनिटरिंग टीम की बैठक बुलाई। बैठक में 28 अप्रैल को होने वाले विशाल महिला सम्मेलन की सफलता,सुरक्षा और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी वर्ग की महिलाओं की सहभागिता पर जोर दिया गया। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि मॉनिटरिंग टीम का मुख्य उद्देश्य सम्मेलन के हर पहलू पर नजर रखना एवं सदैव एलर्ट मोड में रहना है।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन में बूथ स्तर तक की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो इसके लिए मंडल, शक्तिकेंद्र एवं बूथ स्तर तक बैठकें हुई या नहीं बैठकों में उपस्थिति कितनी थी, इसकी मानिटरिंग आवश्यक है ताकि समय रहते सभी बैठके करा ली जाएं। सम्मेलन में हर वर्ग जैसे अधिवक्ता, डॉक्टर, खिलाड़ी,साहित्यकार,प्रोफ़ेसर,अध्यापक आदि की उपस्थिति सुनिश्चित हो इसके लिए उनसे सम्पर्क हुआ या नहीं इसकी मॉनिटरिंग आवश्यक है।

दिलीप पटेल ने कहा कि सम्मेलन में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की लाभार्थियों की अधिक से अधिक उपस्थिति हो इसके लिए उनसे सम्पर्क करना एवं उन्हें सम्मेलन में लाने की क्या व्यवस्था है इसकी मॉनिटरिंग करनी है। मॉनिटरिंग टीम का काम सूचना,सुरक्षा व्यवस्था,वाहन पार्किंग,सीटिंग,व्यवस्था में लोगों से सम्पर्क कर उन्हें सही सुझाव देना है ताकि सम्मेलन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था ना हो।

बैठक में अनिल श्रीवास्तव,श्रीप्रकाश शुक्ला,क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी,अरविंद पांडेय,संतोष सोलापुरकर,देवेंद्र मोर्या,पीयूष वर्धन,प्रांजल श्रीवास्तव,अंकित त्रिपाठी आदि की मौजूदगी रही।