कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-1 की ‘अप-लाइन’ का ट्रैक निर्माण पूरा, नौबस्ता तक विस्तार तेज
कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-1 की ‘अप-लाइन’ का ट्रैक निर्माण पूरा, नौबस्ता तक विस्तार तेज
कानपुर, 31 जनवरी । कानपुर सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प के बीच ‘अप-लाइन टनल’ में ट्रैक निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 (आईआईटी–नौबस्ता) की सम्पूर्ण ‘अप-लाइन’ का ट्रैक तैयार हो गया है। इसे परियोजना की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो सेवाओं के विस्तार के बाद अब उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम कॉरिडोर-1 को अंतिम स्टेशन नौबस्ता तक पहुंचाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। यह जानकारी शनिवार को यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि कॉरिडोर-1 के शेष बचे हुए सेक्शन कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक लगभग आठ किमी लंबा है, जिसमें कुल सात स्टेशन शामिल हैं। इस सेक्शन में करीब तीन किमी हिस्सा (कानपुर सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प तक) अंडरग्राउंड है, जबकि लगभग 5.30 किमी हिस्सा (बारादेवी से नौबस्ता तक) एलिवेटेड है। बारादेवी से नौबस्ता तक एलिवेटेड सेक्शन में ट्रैक निर्माण कार्य अक्टूबर 2025 में ही पूरा कर लिया गया था। इस सेक्शन की दोनों लाइनों पर ट्रैक के साथ थर्ड रेल और सिग्नलिंग उपकरणों का इंस्टॉलेशन भी पूर्ण हो चुका है।
एलिवेटेड सेक्शन के बाद अंडरग्राउंड सेक्शन की ‘अप-लाइन टनल’ में ट्रैक निर्माण कार्य शुरू किया गया था, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। इस दौरान 18 मीटर लंबी रेल पटरियों को रैम्प के माध्यम से टनल में उतारकर फ्लैश बट वेल्डिंग द्वारा जोड़ा गया और निर्धारित अंतराल पर ट्रैक स्लैब की ढलाई की गई। इसके साथ ही थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य भी समानांतर रूप से किया जा रहा है।
बैलेंस सेक्शन में सिग्नलिंग, टेलीकॉम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम्स के इंस्टॉलेशन कार्य अंतिम चरण में हैं। सभी सिस्टम कार्य पूरे होते ही आने वाले दिनों में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक ‘अप-लाइन’ पर मेट्रो ट्रेनों की टेस्टिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी।