नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स में नीलू मिश्रा ने रजत पदक जीतकर किया क्वालीफाई
नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स में नीलू मिश्रा ने रजत पदक जीतकर किया क्वालीफाई
मीरजापुर, 31 जनवरी । त्रिवेंद्रम (केरल) में आयोजित 46वीं नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश की खिलाड़ी नीलू मिश्रा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 27 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है।
31 जनवरी को आयोजित हाई जम्प प्रतियोगिता में 50 वर्ष आयु वर्ग में नीलू मिश्रा ने 1.10 मीटर की ऊंचाई पार कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस स्पर्धा में असम की पूर्णिमा ने 1.25 मीटर की ऊंचाई के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि केरल, दिल्ली और कर्नाटक की खिलाड़ियों ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक हासिल किया।
नीलू मिश्रा की इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अगस्त 2026 में दक्षिण कोरिया में होने वाली वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। वह 1 फरवरी को पोल वॉल्ट स्पर्धा में भी प्रतिभाग करेंगी।
उल्लेखनीय है कि नीलू मिश्रा बाल विकास विभाग में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीखड़) के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस सफलता पर खेल जगत के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।