सड़क हादसे में स्वीटहाउस के मालिक की मौत
सड़क हादसे में स्वीटहाउस के मालिक की मौत
प्रयागराज, 05 अक्टूबर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी थाना क्षेत्र के इंदलपुर मार्ग पर शनिवार रात सड़क हादसे में कुशवाहा स्वीट हाउस के मालिक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर परिवार को खबर दी। पुलिस ने परिवार से तहरीर लेकर रविवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि नैनी के पूरा फतेह मोहम्मद निवासी राजकुमार कुशवाहा 45 वर्ष शनिवार रात लगभग बारह बजे मोटरसाइकिल सवार से दुकान बंद कर डांडी की ओर जा रहे थे। लेकिन रास्ते में उनकी सड़क हादसे में मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। उधर परिवार के लोग उसे खोजते हुए थाने पर पहुंचे। जहां जानकारी हुई कि उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने परिवार से तहरीर लेकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों ने बताया कि राजकुमार कुशवाहा तीन भाई और दो बहनों में दूसरे नम्बर के थे। कुशवाहा स्वीटहाउस की पूरी जिम्मेदारी थी। वह दुकान के सहारे ही अपनी दो बेटियाें और एक बेटे एवं पत्नी का भरण-पोषण करते थे।