परास्नातक के छात्र से मारपीट के बाद काशी हिंदू विश्वविद्यालय में पथराव, पीएसी तैनात
परास्नातक के छात्र से मारपीट के बाद काशी हिंदू विश्वविद्यालय में पथराव, पीएसी तैनात
वाराणसी, 29 जनवरी । काशी हिंदू विश्वविद्यालय में गुरुवार को सायंकाल के बाद हालात बिगड़ने पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। लंका थाना और पीएसी की तैनाती के बाद विश्वविद्यालय की ओर स्थिति को स्पष्ट करते हुए बताया गया कि गुरुवार को सायंकाल रुईया छात्रावास में परास्नातक के छात्र पियूष तिवारी को निष्कासित छात्र दर्शित पाण्डेय, रौनक मिश्रा, अंकित पाल और विश्वजीत यादव ने लाठी डंडे से मारपीट किया। यह जानकारी प्राक्टाेरियल बाेर्ड ने दी।
मारपीट के बाद आरोपित छात्रों को बिड़ला छात्रावास की ओर जाते देखा गया। इस दौरान रुइया और बिड़ला छात्रावासों के छात्रों में पत्थरबाजी हुई। माहौल बिगड़ता हुआ देखकर लंका थाना से पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। सायंकाल छह बजे के बाद से काशी हिंदू विश्वविद्यालय में पीएसी की तैनाती से फिलहाल शांति कायम है। ड्रोन कैमरे से विश्वविद्यालय परिसर की निगरानी हो रही है। वहीं, आरोपित छात्रों के विरुद्ध लंका थाना में कार्रवाई हो रही है। समाचार लिखे जाने तक डीसीपी काशी जाेन गाैरव बंशवाल पुलिस टीम के साथ छात्रावासाें की चेकिंग कर रहे हैं।