स्वयं सहायता समूहों को मिला सीसीएल का लाभ, महिलाओं को लखपति दीदी बनने के लिए किया प्रेरित
स्वयं सहायता समूहों को मिला सीसीएल का लाभ, महिलाओं को लखपति दीदी बनने के लिए किया प्रेरित
अयोध्या, 18 मई । विकासखंड पूरा बाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत राजेपुर में सोमवार को यूनियन बैंक, कूढ़ा केशवपुर शाखा की ओर से सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में चार महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वीकृति एवं वितरण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में पुष्पा महिला स्वयं सहायता समूह, महात्मा गांधी महिला स्वयं सहायता समूह, परी महिला स्वयं सहायता समूह तथा जय मां महिला स्वयं सहायता समूह को सीसीएल सेंशन एवं डिस्पर्स लेटर उपायुक्त स्वतः रोजगार द्वारा वितरित किया गया। उपायुक्त स्वतः रोजगार ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सीसीएल की धनराशि का उपयोग स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन के कार्यों में करें, ताकि आर्थिक स्थिति मजबूत हो और महिलाएं लखपति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ सकें। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा समूह आधारित रोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिला मिशन प्रबंधक सरिता वर्मा, ब्लॉक मिशन प्रबंधन इकाई पूरा बाजार की बीएमएमयू टीम, यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक एवं बैंक कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम में समूह सखी, बैंक सखी तथा बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक मिशन प्रबंधन इकाई पूरा बाजार-अयोध्या की ओर से किया गया।