चौबेपुर में 06 साल की बच्ची को अगवा करने वाले बदमाश को पुलिस ने दबोचा,बच्ची सकुशल
चौबेपुर में 06 साल की बच्ची को अगवा करने वाले बदमाश को पुलिस ने दबोचा,बच्ची सकुशल
वाराणसी,05 मई । उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के चौबेपुर में 06 साल की बच्ची को अगवा कर उनके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने वाले बदमाश ताज मोहम्मद को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचकर बच्ची को भी सकुशल मुक्त करा लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है। मौके से पुलिस टीम ने तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिया।
इस संबंध में सारनाथ एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि चौबेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार पूर्वांह 11 बजे सूचना मिली कि छह साल की मासूम बच्ची को स्कूल से छुट्टी के बाद कोई कम उम्र का लड़का बहला फुसला कर साइकिल से उठा ले गया। इस पर तत्काल पुलिस टीम ने बच्ची की खोजबीन स्थानीय लोगों के सहयोग से शुरू कर दी। कुछ घंटे बाद बच्ची को छित्तमपुर स्थित डीहबाबा मंदिर के पास से बरामद कर लिया गया। बच्ची के हाथ-पांव में चोटें लगी थी उसे तत्काल अस्पताल भेज प्राथमिक इलाज कराया गया। इसके बाद परिजन उसे घर ले गए। वहीं,ग्रामीणों ने बताया कि बदमाश ने छित्तमपुर डीहबाबा मंदिर के पास 70 फीट गहरे सूखे कुएं में फेंक दिया था। बच्ची के सिर में करीब तीन इंच गहरा घाव लगा था। कुएं में गिरने के बाद बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और काफी मशक्कत के बाद उसे कुंए से बाहर निकाला। उधर,बच्ची के सकुशल मिलने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी के लोकेशन को ट्रैस कर लिया। इसके बाद टीम बनाकर आरोपी ताज मोहम्मद की तलाश शुरू हुई। पुलिस टीम ने देर रात चौबेपुर इलाके में उसे मुठभेड़ में दबोच लिया। मुठभेड़ में घायल बदमाश को इलाज के लिए पांडेयपुर स्थित पं.दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।