नव वर्ष पर बरेली शहर में भारी वाहनों के लिए नो एंट्री, बदला रूट
नव वर्ष पर बरेली शहर में भारी वाहनों के लिए नो एंट्री, बदला रूट
बरेली, 30 दिसंबर । उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में आंग्ल नव वर्ष के अवसर पर शहर में आयोजित कार्यक्रमों और उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए नो एंट्री की अवधि बढ़ा दी है। अब 31 दिसंबर 2025 की सुबह 8 बजे से 1 जनवरी 2026 की रात 2 बजे तक नगर क्षेत्र में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को इससे छूट दी गई है।
यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए विस्तृत डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। बदायूं से बरेली आने वाले वाहन भमौरा, देवचरा चौराहा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर और बड़े बाईपास के रास्ते ट्रांसपोर्ट नगर तक जा सकेंगे। बदायूं की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन झुमका तिराहा से बड़े बाईपास की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि “नववर्ष पर शहर में यातायात दबाव काफी बढ़ जाता है। नागरिकों की सुरक्षा और जाम से बचाव के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाए।”
यातायात पुलिस ने विभिन्न चौराहों और तिराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि वे तय डायवर्जन का पालन करें।