एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने बैठक कर आन्दोलन की बनाई रणनीति
एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने बैठक कर आन्दोलन की बनाई रणनीति
लखनऊ, 03 मई । उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की समस्याओं के सम्बन्ध में रविवार को हजरतगंज लखनऊ में प्रदेश स्तरीय बैठक हुई। इसमें भारतीय मजदूर संघ से विभाग प्रमुख संगठन मंत्री अश्वनी शुक्ला, उप्र राज्य कर्मचारी एशोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष व भारतीय मजदूर संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष लखनऊ हरिशरण मिश्रा एवं उनके प्रदेश महामंत्री महेन्द्र कुमार दीक्षित की उपस्थिति रही।
एनएचएम संघ के प्रदेश अध्यक्ष ठा. मयंक प्रताप सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों की मुख्य मांगों में नियमितीकरण/समान कार्य समान वेतन, वेतन बढ़ोत्तरी, जॉब सुरक्षा एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा अथवा स्वास्थ्य बीमा शामिल हैं। कर्मचारियों के मानदेय भुगतान में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए आन्दोलन किये जाने की रूपरेखा पर चर्चा की। जनपदों को इस तैयारी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश देते हुये कहा कि यदि कर्मचारियों की मानदेय सम्बन्धी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो भारतीय मजदूर संघ के मार्गदर्शन में व्यापक आन्दोलन किया जायेगा।
एनएचएम संघ प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती ने बताया कि एनएचएम कर्मचारियों को पिछले एक वर्ष से प्रदेश के अधिकांश जनपदों में संविदा कर्मचारियों को मार्च माह से अब तक के मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त उन्होंने कर्मचारियों के नियमितिकरण, सेवा सुरक्षा, पदो के सृजन एवं रिक्त पदों पर स्थानान्तरण के सम्बन्ध में भी विस्तृत चर्चा की जो कि आगामी रणनीति का हिस्सा रहेगा। साथ ही महामंत्री आदित्य भारती ने बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को 18 जून 2026 को भारतीय मजदूर संघ द्वारा प्रस्तावित विशाल धरना प्रदर्शन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये आवाह्न किया।
भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी अश्वनी शुक्ला ने संगठन को स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सम्बन्धित उच्चाधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जायेगी। राज्य कर्मचारी एशोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हरिशरण मिश्रा ने कर्मचारियों को विश्वास दिलाते हुये कहा कि हम सब पूरी तरह से संगठन के साथ हैं।