महोबा: विद्युत विभाग की पहल, गर्मी में फॉल्ट से निपटने और उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 24x7 कंट्रोल रूम सक्रिय

बिजली फॉल्ट या समस्या होने पर उपभोक्ता जारी व्हाट्सएप नंबर 8545943977 पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत

महोबा: विद्युत विभाग की पहल, गर्मी में फॉल्ट से निपटने और उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 24x7 कंट्रोल रूम सक्रिय

महोबा, 30 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में भीषण गर्मी के मद्देनजर विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया है। अधीक्षण अभियंता ने उपभोक्ताओं से आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जिस पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। यह हेल्पलाइन नंबर दिन रात 24 घंटे उपभोक्ताओं की सेवा के लिए उपलब्ध रहेगा।

अधीक्षण अभियंता लक्ष्मी शंकर ने गुरुवार को बताया कि गर्मी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने, लो-वोल्टेज या ब्रेकडाउन जैसी समस्याओं के लिए उपभोक्ता सीधे कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 8545943977 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह सेवा दिन-रात उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि शिकायत दर्ज कराने के बाद ऑपरेटर से शिकायत संख्या अवश्य लें। शिकायत संख्या मिलने से भविष्य में शिकायत की ट्रैकिंग और उस पर हुई कार्यवाही की निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि अगर कंट्रोल रूम ऑपरेटर कॉल का जवाब नहीं देता तो उपभोक्ता इसी नंबर पर व्हाट्सएप कर अवगत करा सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता डिस्कॉम मुख्यालय, आगरा के टोल-फ्री नंबर 1912 या 18001803023 पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आगरा मुख्यालय के व्हाट्सएप नंबर 80109 57826 पर भी संदेश भेजा जा सकता है।

इस दौरान अधीक्षण अभियंता ने कहा कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति देने के लिए संकल्पित है। उन्होंने उपभोक्ताओं को किसी भी असुविधा पर तुरंत कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की है, जिससे त्वरित समस्या का समाधान हो सके।