प्रयागराज में असलहा साफ करते समय दरोगा की पिस्टल से चली गोली, सिपाही घायल
प्रयागराज में दरोगा की पिस्टल से चली गोली, सिपाही घायल

प्रयागराज। कोतवाल परिसर में असलहा साफ करते समय पिस्टल से शनिवार दोपहर बाद अचानक गोली चलने से एक सिपाही घायल हो गया। घायल सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नगर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह का कहना है जांच जारी है, विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
चन्दौली जनपद के निवासी चन्दन कुमार (28) नगर कोतवाली में सिपाही के पद पर तैनात है। शनिवार दोपहर बाद चौकी प्रभारी साऊथ मलाका दिनेश कुमार यादव अपनी सर्विस पिस्टल साफ कर रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और परिसर में मौजूद चन्दन कुमार के दाहिने पैर में जा लगी। गोली पैर से लगने के बाद निकल गई। वारदात के बाद परिसर में मौजूद अन्य सिपाही एवं इंस्पेक्टर पहुंचे और घायल सिपाही को उपचार के लिए तत्काल स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया। वारदात की खबर मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक नगर दिनेश कुमार सिंह समेत आलाधिकारी पहुंचे।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि असलहा सफाई करते समय पिस्टल से गोली चली है। सिपाही का उपचार जारी है। आरोपित उपनिरीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।