भारत नेपाल सीमा के गाँवों तक पहुँचेगी स्वास्थ्य सेवा
भारत नेपाल सीमा के गाँवों तक पहुँचेगी स्वास्थ्य सेवा
लखनऊ, 31 जनवरी । नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन और श्री गुरू गोरखनाथ सेवा न्यास की ओर से 06 और 07 फरवरी को भारत नेपाल सीमा के 300 गांवों में चिकित्सा शिविर लगाया जायेगा।
इस दौरान शिविर में आये लोगों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ ही दवाएं नि:शुल्क वितरित की जायेगी। यह जानकारी नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन के प्रान्तीय अध्यक्ष डा.संदीप तिवारी और केजीएमयू के सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.विजय कुमार ने शनिवार को विश्व संवाद केन्द्र में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी।
प्रो.विजय कुमार ने बताया कि गुरू गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के तहत प्रतिवर्ष लखनऊ के कई चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सक भारत नेपाल सीमा के गांवों में जाकर इलाज करते हैं। डा.संदीप तिवारी ने कहा कि यह यात्रा मात्र स्वास्थ्य शिविर नहीं बल्कि राष्ट्रवाद, सेवा भावना और अंतिम छोर तक पहुंचने का एक जीवंत संदेश है।