वाहन चोरी कर डीजे बनाने वाले गैंग का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार
वाहन चोरी कर डीजे बनाने वाले गैंग का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार
प्रयागराज, 24 मई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाने की पुलिस टीम ने रविवार को वाहन चोरी कर डीजे में परिवर्तित कर बेचने वाले संगठित गिरोह के दो वांछित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। यह जानकारी रविवार को पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।
उन्होंने बताया कि नवाबगंज थाने की पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मुकदमे में वांछित कृष्ण कुमार उर्फ बच्चा यादव और उमेश चन्द्र गुप्ता उर्फ बिल्लू को थाना क्षेत्र के धनाराम का पुरवा के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार कृष्ण कुमार उर्फ बच्चा यादव इस गिरोह का सरगना है। गिरोह के सदस्य विभिन्न क्षेत्रों से वाहन चोरी कर उनके इंजन और चेचिस नंबर बदल देते थे। इसके बाद वाहनों का स्वरूप परिवर्तित कर उन्हें डीजे वाहन के रूप में बेचकर अवैध रूप से धन अर्जित करते थे। यह गिरोह लंबे समय से इस आपराधिक गतिविधि में संलिप्त था और आर्थिक लाभ के लिए संगठित तरीके से अपराध करता था।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना नवाबगंज में गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गैंग लीडर कृष्ण कुमार उर्फ बच्चा यादव के खिलाफ चोरी, अवैध शराब, मारपीट, धमकी और वाहन चोरी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उमेश चन्द्र गुप्ता के विरुद्ध भी वाहन चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।