प्रयागराज के 13 गांवों के किसानों को आश्वासन, सहमति के बिना नहीं होगा भूमि अधिग्रहण
प्रयागराज के 13 गांवों के किसानों को आश्वासन, सहमति के बिना नहीं होगा भूमि अधिग्रहण
प्रयागराज, 02 मार्च । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के चक हिंनौता, चकिया हिंनौता, मुकुंदपुर सहित कुल 13 गांवों की भूमि के संभावित अधिग्रहण के मुद्दे पर किसानों में व्याप्त आक्रोश के बीच समाजवादी पार्टी के एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर किसानों की समस्याएं बताईं।
उक्त जानकारी देते हुए सपा प्रयागराज के प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने बताया कि प्रयागराज विकास प्राधिकरण द्वारा आवासीय कॉलोनी विकसित किए जाने की खबर के बाद से किसानों में असंतोष फैल गया था। किसानों ने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना या वार्ता के अधिग्रहण की प्रक्रिया की जानकारी उन्हें समाचार पत्रों के माध्यम से मिली। इससे नाराज किसानों ने धरना शुरू कर दिया था तथा होली न मनाने का निर्णय भी लिया था।
किसानों का कहना है कि रिंग रोड परियोजना में पहले ही उनकी काफी जमीन जा चुकी है और शेष बची भूमि पर ही वे खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में अधिग्रहण की आशंका से वे चिंतित हैं। इस संबंध में सपा के एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने जिलाधिकारी प्रयागराज से विस्तृत वार्ता की। डॉ. यादव के अनुसार जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया है कि किसानों की सहमति और वार्ता के बिना किसी भी प्रकार का भूमि अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। डॉ. यादव ने किसानों से अपील की है कि वे धरना समाप्त कर शांति एवं सौहार्द के साथ होली का त्योहार मनाएं।