बिजली बिल राहत योजना: ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने 50 शिविरों से किया वर्चुअल संवाद
बिजली बिल राहत योजना: ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने 50 शिविरों से किया वर्चुअल संवाद
लखनऊ, 31 दिसंबर । उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने प्रदेशवासियों से 'बिजली बिल राहत योजना–2025' का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है। योजना के प्रथम चरण के अंतिम दिन प्रदेश भर के बिजली शिविरों में भारी भीड़ उमड़ी, जहां उपभोक्ताओं ने वर्षों पुराने बकाया बिलों का निस्तारण कराया। इस मौके पर ऊर्जा मंत्री ने लखनऊ के संगम भवन से वर्चुअल माध्यम से आजमगढ़, बलिया, मऊ और प्रयागराज समेत 50 से अधिक शिविरों से सीधे संवाद कर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं।
संवाद के दौरान कई उपभोक्ता भावुक हो गए और उन्होंने 15-20 वर्षों से बिजली बिल के बोझ से मिल रही मानसिक पीड़ा से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया। उपभोक्ताओं के उत्साह को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने यूपीपीसीएल के अध्यक्ष को सख्त निर्देश दिए कि जब तक शिविरों में भीड़ बनी रहे, तब तक उन्हें बंद न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर पात्र उपभोक्ता को लाभ मिलना अनिवार्य है।
मंत्री शर्मा ने संवाद के दौरान एक महत्वपूर्ण तकनीकी समस्या का भी संज्ञान लिया, जिसमें मार्च के बाद एक से अधिक किस्त जमा करने वाले उपभोक्ताओं को लाभ मिलने में दिक्कत आ रही थी। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से योजना के दायरे का विस्तार करने के निर्देश दिए ताकि तकनीकी कारणों से कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे। ऊर्जा मंत्री ने स्थानीय अधिकारियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना गरीब और मध्यम वर्ग को आर्थिक तनाव से मुक्त करने की एक ऐतिहासिक और जनहितकारी पहल है।