हार की हताशा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने खोया मानसिक संतुलन : रविंद्र जायसवाल

आक्रोश सभा में भाजपा के मंत्रियों, विधायकों व प्रदेश पदाधिकारियों ने खोला मोर्चा,मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा

हार की हताशा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने खोया मानसिक संतुलन : रविंद्र जायसवाल

वाराणसी, 03 जून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर छिड़ा विवाद थम नहीं रहा। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वाराणसी जिला एवं महानगर इकाई ने अजय राय के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल कचहरी स्थित जिला मुख्यालय पर आक्रोश सभा आयोजित कर उन्हें निशाने पर लिया। पार्टी के नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री, काशी की जनता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान बताते हुए अजय राय के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल की अध्यक्षता में सभा के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी नगर राजेश कुमार को सौंपा गया। सभा में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार ) रविंद्र जायसवाल ने कहा कि चुनावों में लगातार पराजित होने से हताश होकर अजय राय ने मानसिक संतुलन खो दिया है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति विधानसभा चुनाव तक नहीं जीत सका, वह प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ चुनाव लड़कर जीत का सपना देख रहा है जो इस जन्म में पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए बार-बार दल बदलने वाले अजय राय अब अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जिसका जवाब जनता आगामी चुनावों में देगी। सभा में पिंडरा के भाजपा विधायक डॉ अवधेश सिंह ने कहा कि भाजपा के साधारण कार्यकर्ता भी अजय राय को चुनावी मैदान में पराजित कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति की गई टिप्पणी को काशी की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी और कांग्रेस को इसका राजनीतिक मूल्य चुकाना पड़ेगा।

विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने वालों की राजनीति लंबे समय तक नहीं चलती। उन्होंने अजय राय को राजनीतिक मर्यादाओं का पालन करने की नसीहत दी। कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है, जबकि कांग्रेस नेतृत्व लगातार जनता का विश्वास खोता जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व पर भी तीखा हमला बोला। पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह (ओढ़े) ने कहा कि अजय राय को उनकी अपनी बिरादरी का भी अपेक्षित समर्थन नहीं मिला।

—अजय राय के वास्तविक चरित्र को भली-भांति जानती है जनता

वहीं, सभा में वाराणसी के पूर्व सांसद राजेश मिश्रा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि जनता उनके वास्तविक चरित्र को भली-भांति जानती है। प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने कहा कि जब व्यक्ति का विवेक समाप्त हो जाता है, तब वह अनुचित भाषा और व्यवहार का सहारा लेता है। पूर्व महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने कहा कि कांग्रेस की हताशा अब उसकी भाषा और व्यवहार में स्पष्ट दिखाई देने लगी है। प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय ने कांग्रेस नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता ऐसे बयानों को गंभीरता से नहीं लेती। आक्रोश सभा का संचालन सुरेश सिंह ने किया। सभा में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य,शंकर गिरी, पूर्व महापौर मृदुला जायसवाल, डॉ. वीणा पांडेय, नवरतन राठी, सुरेन्द्र पटेल, संतोष सोलापुरकर, अशोक राय आदि ने भी भागीदारी की।