तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को रौंदा,मौत
तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को रौंदा,मौत
औरैया, 13 नवंबर । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद-दिबियापुर मार्ग पर भाग्यनगर ब्लॉक के पास गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवाराें काे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पास के एक मकान में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
फफूंद थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल ने बताया कि गांव बिंदपुर निवासी देवेश उर्फ सर्वेश राजपूत (40) खेती के साथ पशुओं का उपचार भी करते थे। आज वह किसी कार्य से भाग्यनगर ब्लॉक आए थे और ब्लॉक कार्यालय के बाहर सड़क किनारे बाइक खड़ी कर माेबाइल पर बात कर रहे थे। तभी दिबियापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार एक वाहन को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर सीधे उन्हें टक्कर मार दी। वहीं कार सवार कुलभूषण सिंह (29) पुत्र ऊदल सिंह निवासी शांति नगर, दिबियापुर को भी गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों को सीएचसी दिबियापुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बाइक सवार देवेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल कार चालक का उपचार जारी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिवार में पत्नी, पुत्र शिवा और पुत्री सौम्या हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।