नोएडा में प्रेमी— प्रेमिका के छत से कूदने के मामले में नया मोड़, हत्या के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार

नोएडा में प्रेमी— प्रेमिका के छत से कूदने के मामले में नया मोड़, हत्या के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार

नोएडा में प्रेमी— प्रेमिका के छत से कूदने के मामले में नया मोड़, हत्या के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार

नोएडा, 06 मई । नाेएडा के थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के सेक्टर-22 स्थित चौड़ा रघुनाथपुर गांव में एक युवक और उसकी प्रेमिका की छत से गिरने के मामले में पुलिस ने बुधवार काे मकान मालिक और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस घटना में युवक की मौत हो गई थी, जबकि युवती जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह पांच बजे के करीब पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 22 के हनुमान मंदिर के पास रहने वाले पुनीत (उम्र 26 वर्ष) तथा कुमारी विद्या दास (उम्र 20 वर्ष) ने कथित तौर पर आत्महत्या करने की नीयत से एक मकान की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों ने पुनीत चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि विद्या दास की हालत गंभीर बनी हुई है। वह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतक के पिता कृष्ण पाल ने बुधवार को थाना सेक्टर 24 में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि इस घटना में चौड़ा रघुनाथपुर गांव निवासी हितेश राणा और उसकी पत्नी चंचल राणा संलिप्त है। उन्होंने बताया कि मृतक पुनीत चौहान मेरठ का रहने वाला था। जबकि आरोपी चंचल राणा भी मेरठ के रहने वाली है। कॉलेज में पढ़ते समय दोनों की बातचीत थी। कुछ समय पूर्व चंचल राणा का जन्मदिन मना। तब पुनीत ने उसे सोशल मीडिया के माध्यम से विश किया था। इसी बीच दोनों एक दूसरे से मिले। हितेश राणा को अपनी पत्नी के ऊपर शक हुआ। उसने पुनीत को बातचीत करने के लिए घटना वाले दिन चौड़ा गांव स्थित अपने घर बुलाया। पुनीत अपनी प्रेमिका विद्या के साथ उसके घर पहुंचा। दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। इसके बाद पुनीत और विद्या हितेश राणा के घर पर ही रात के समय रुक गए। अगले दिन सुबह दोनों छत से गिरे मिले। इस घटना मे पुनीत की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन पुलिस से आत्महत्या का मामला मान रही थी, लेकिन बाद में यह घटना हत्या का निकला।-