दिवाली पर 24 घंटे अलर्ट मोड में रहेंगी 108 और 102 एम्बुलेंस! महोबा में इमरजेंसी के लिए खास तैयारी
दिवाली पर 24 घंटे अलर्ट मोड में रहेंगी 108 और 102 एम्बुलेंस! महोबा में इमरजेंसी के लिए खास तैयारी
महोबा, 07 नवंबर । उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में दीपावली के त्याेहार को देखते हुए जिले में 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है। त्याेहार के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति में लोगों को समय से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एम्बुलेंस सेवा प्रदाता संस्था की ओर से सभी एम्बुलेंस कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाएं 24 घंटे मरीजों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगी।
जनपद में संचालित 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवा के प्रोग्राम मैनेजर दीपक अस्थाना ने शनिवार को बताया कि दीपावली के दौरान पटाखों से जलने, सड़क दुर्घटनाओं, आग लगने तथा अन्य आकस्मिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए सभी एम्बुलेंस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में 108 सेवा की सभी 14 एम्बुलेंस 24 घंटे मरीजों की सेवा के लिए तैयार रहेंगी। सभी एम्बुलेंस में आवश्यक दवाओं एवं जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जरूरत के अनुसार पुलिस एवं जिला प्रशासन के सहयोग से एम्बुलेंस को ऐसी रणनीतिक लोकेशन पर तैनात किया जाएगा, जहां से आपातकालीन कॉल मिलने पर कम से कम समय में घटनास्थल तक पहुंचकर मरीज को अस्पताल पहुंचाया जा सके। एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी एवं पायलट को भी सतर्क रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। एम्बुलेंस सेवा प्रबंधन ने जनपदवासियों से अपील की कि, दीपावली का त्योहार सावधानी एवं सुरक्षित तरीके से मनाएं ।