गोवंश तस्करी गिरोह का 50 हजार का इनामी सरगना रेहान कानपुर से गिरफ्तार, STF की बड़ी कार्रवाई

ट्रांसपोर्ट नगर में घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी; कौशाम्बी, बांदा, वाराणसी और इटावा में गोवंश तस्करी समेत 13 मुकदमे दर्ज

गोवंश तस्करी गिरोह का 50 हजार का इनामी सरगना रेहान कानपुर से गिरफ्तार, STF की बड़ी कार्रवाई

प्रयागराज, 11 नवंबर। गोवंश तस्करी के संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त रेहान को कानपुर नगर से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त गोवंश तस्करी के गिरोह का सरगना है। उसके और गिरोह के सदस्यों के खिलाफ कौशाम्बी, बांदा, वाराणसी और इटावा के विभिन्न थानों में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम फरार और इनामी अपराधियों के संबंध में सूचनाएं जुटा रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि कौशाम्बी के कोखराज थाने में दर्ज गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी रेहान कानपुर नगर के ट्रांसपोर्ट नगर में छिपकर रह रहा है। सूचना पर एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित कौशाम्बी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के चम्पापुर गांव निवासी रेहान पुत्र मुश्ताक है। वह गोवंश तस्करी करने वाले संगठित गिरोह का सरगना है। उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में गोवंश तस्करी, पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की विभिन्न टीमें लगातार सूचना संकलन कर रही थीं।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि सात मार्च 2024 को वह ट्रक कंटेनर में गोवंश लादकर फतेहपुर से वाराणसी और बिहार ले जा रहा था। रास्ते में कोखराज पुलिस ने वाहन की जांच के दौरान उसे पकड़ लिया था। वाहन से 26 गोवंश बरामद हुए थे। इस मामले में कोखराज थाने में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में वह वांछित चल रहा था। अभियुक्त ने यह भी बताया कि उसके और गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ कौशाम्बी, बांदा, वाराणसी और इटावा में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं।

एसटीएफ के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ कोखराज थाने में मुकदमा संख्या 132/2026, धारा 2/3 उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। अभियुक्त को कानपुर नगर के थाना सैनी क्षेत्र में छिपे होने की सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे कौशाम्बी के कोखराज थाने में दाखिल कर दिया गया है। स्थानीय पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक जय प्रकाश राय, उपनिरीक्षक गुलजार सिंह, मुख्य आरक्षी साजिद अली, प्रभंजन पांडेय, अजय सिंह यादव, अनुप राय और आरक्षी चालक रविकांत सिंह शामिल रहे।