दिल्ली में शुरू हुई ‘नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा’, सोनिया विहार से मिलेगा यमुना में 35 से 45 मिनट का सफर
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया शुभारंभ; 30 यात्रियों की क्षमता वाला इलेक्ट्रिक क्रूज, प्रवेश शुल्क ₹50 और क्रूज यात्रा का प्रस्तावित शुल्क ₹500
नई दिल्ली, 10 नवंबर । केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को सोनिया विहार में यमुना नदी पर विकसित नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मां यमुना दिल्ली की पहचान, संस्कृति, धार्मिक आस्था और जीवन परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आज राजधानी के लिए ऐतिहासिक अवसर है।
उन्होंने कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी केवल एक क्रूज या नौका सेवा नहीं है, बल्कि मां यमुना के प्रति हमारी आस्था, प्रेम और समर्पण से जुड़ी पहल है। इसके माध्यम से दिल्लीवासी मां यमुना के और करीब आ सकेंगे, उनके प्राकृतिक परिवेश को महसूस कर सकेंगे और नदी के साथ अपने जुड़ाव को नए रूप में अनुभव करेंगे। प्रकृति के इतने करीब आने का अवसर अब दिल्लीवासियों के लिए भी उपलब्ध हो रहा है। पहले लोग प्रयागराज या अन्य शहरों में जाकर नाव और क्रूज की सवारी का आनंद लेते थे, लेकिन अब दिल्ली में ही यह अनुभव संभव होगा।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, केंद्रीय राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर, सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपने परिवार के साथ यहां आने, बच्चों को मां यमुना के दर्शन कराने और प्रकृति का आनंद लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह पहल दिल्ली की सकारात्मक छवि को मजबूत करने और राजधानी के पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले विकास के बजाय आरोप-प्रत्यारोप और बहानेबाजी की राजनीति होती रही। आज सरकार उन समस्याओं का समाधान कर रही है और दिल्लीवासियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित कर रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों की धार्मिक आस्था और परंपराओं का सम्मान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने छठ पर्व का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले दिल्ली के लोगों को यमुना तट पर पूजा करने के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन वर्तमान सरकार ने अपने पहले वर्ष में ही यमुना पर भव्य छठ आयोजन कराया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष भी दिल्लीवासी पिछले वर्ष से अधिक भव्यता के साथ छठ पर्व मनाएंगे। दिल्ली की जनता ने सरकार को राजधानी के विकास और जनहित के लिए चुना है और सरकार उसी जिम्मेदारी के साथ काम करती रहेगी।
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी दिल्ली में पर्यटन को एक नया अनुभव देने वाली पहल है। यहां आने वाले लोग यमुना के सुंदर दृश्यों का आनंद ले सकेंगे। म्यूजिकल फाउंटेन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की गाथा और यमुना मैया की महिमा को संगीत के जरिए भी प्रस्तुत किया जाएगा। यहां क्रिएटिव जोन, फूड जोन, गेमिंग एक्टिविटीज और किड्स जोन जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं ताकि लोग अपने पूरे परिवार के साथ यहां आकर अच्छा समय बिता सकें।
यमुना तट पर पर्यटन और परिवहन सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने मनोरंजक नौका विहार और छोटी दूरी की फेरी सेवाओं की पायलट परियोजना शुरू की है। इसके तहत वजीराबाद बैराज से जगतपुर तक लगभग 6 किलोमीटर का क्षेत्र जल परिवहन के लिए उपयुक्त पाया गया है, जहां छोटे यात्री जहाजों के संचालन के लिए न्यूनतम 1.5 मीटर नौवहन गहराई निर्धारित की गई है।
पूरा सफर लगभग 35 से 45 मिनट का होगा। यात्रियों को निर्धारित मार्ग पर नौका विहार का अनुभव मिलेगा और यात्रा पूरी होने के बाद वे अपने शुरुआती स्थान पर लौट सकेंगे। यात्रियों के लिए तैयार की गई व्यवस्था के अंतर्गत परिसर में प्रवेश शुल्क 50 रुपये और क्रूज की एक पूरी यात्रा का प्रस्तावित शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।
परियोजना के अंतर्गत सोनिया विहार से जगतपुर तक लगभग 4 किलोमीटर के क्षेत्र में मनोरंजक क्रूज और फेरी सेवाएं विकसित की गई हैं। साथ ही सोनिया विहार में पूर्ण विकसित तटवर्ती टर्मिनल स्थापित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य हरित परिवहन, शहरी पर्यटन और जनसुविधाओं को बढ़ावा देकर दिल्ली की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देना है। मॉनसून के दौरान नदी की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह सेवा हर साल एक जुलाई से 30 सितंबर तक बंद रहेगी।
परियोजना के तहत यमुना नदी में 30 यात्रियों की क्षमता वाला एक इलेक्ट्रिक क्रूज संचालित किया गया है। इसी क्षमता वाला दूसरा इलेक्ट्रिक क्रूज फरवरी-मार्च 2027 तक शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यटक यमुना के प्राकृतिक परिवेश, नदी किनारे की हरियाली और दिल्ली के एक अलग स्वरूप का अनुभव कर सकेंगे। इलेक्ट्रिक क्रूज से पर्यावरण अनुकूल परिवहन और टिकाऊ नदी पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
पर्यटकों की सुविधा के लिए सोनिया विहार में तटवर्ती टर्मिनल विकसित किया गया है। यहां यात्रियों के चढ़ने और उतरने के लिए दो फ्लोटिंग जेट्टी बनाई गई हैं। इसके अलावा टिकटिंग काउंटर, गार्ड रूम, भुगतान आधारित वाहन पार्किंग, फूड कोर्ट, प्रतीक्षालय और व्यावसायिक दुकानों की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
सोनिया विहार में विकसित परियोजना में पर्यटकों और परिवारों के लिए बच्चों का प्ले जोन, थीम आधारित म्यूजिकल फाउंटेन, फूड कोर्ट, व्यावसायिक दुकानें और मनोरंजन की सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा, यमुना के प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए इकोलॉजिकल ट्रेल्स और वॉकिंग ट्रेल्स बनाए गए हैं। परियोजना में इलेक्ट्रिक क्रूज के लिए चार्जिंग स्टेशन, महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग शौचालय, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और पेयजल के लिए बोरवेल की व्यवस्था की गई है।
इन सुविधाओं के साथ यमुना तट पर नौका विहार और अन्य मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लेने के लिए एक व्यवस्थित और आकर्षक पर्यटन केंद्र तैयार किया गया है। इस परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम के समन्वय से विकसित किया गया है।