वाराणसी : बाबतपुर एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, दो घायल

—सुरक्षा जांच के दौरान हादसा, महिला सुरक्षा कर्मी और एक यात्री घायल; फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज

वाराणसी : बाबतपुर एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, दो घायल

वाराणसी, 16 अगस्त । उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह लाइसेंसी पिस्टल की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। गोली लगने से एक महिला सुरक्षा कर्मी और पास खड़ा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए लक्ष्मी हॉस्पिटल भेजा गया। घटना के बाद फूलपुर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

—एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाना था

डीसीपी गोमती जोन कार्यालय के अनुसार, आजमगढ़ निवासी कमलेश राय रविवार सुबह करीब 9:30 बजे पत्नी के साथ एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्हें एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या आईएक्स 1810 से वाराणसी से मुंबई जाना था। यात्री के पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच और डिक्लेरेशन के लिए संबंधित काउंटर पर ले जाया गया।

—मैगजीन निकालते समय अचानक चली गोली

एयरपोर्ट पर अधिकृत सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित कर्मियों द्वारा यात्री के रजिस्टर्ड बैगेज और लाइसेंसी हथियार की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जानकारी दर्ज की जा रही थी। इसी दौरान हथियार का विवरण और राउंड की संख्या दर्ज करने के क्रम में पिस्टल की मैगजीन निकाली गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिस्टल के चैंबर में एक राउंड मौजूद था। पिस्टल को कॉक/हैमर की स्थिति में लाने के दौरान ट्रिगर दब जाने से अचानक फायर हो गया।

—रिकोशे होकर दो लोगों को लगी गोली

फायर से निकली गोली रिकोशे होकर चेकिंग और सुरक्षा ड्यूटी में तैनात सुरक्षा सहायक कर्मी सुमन कुमारी के पैर में जा लगी। वहीं, पास खड़े रोहित राज के अंगूठे में भी गोली लगी। दोनों घायलों को तत्काल लक्ष्मी हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

—पुलिस और फोरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, डीसीपी गोमती जोन और एसीपी पिंडरा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

—मुकदमा दर्ज, सुरक्षा प्रक्रिया की भी जांच

प्राप्त तहरीर के आधार पर फूलपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार घटना के सभी पहलुओं, निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया और संबंधित एजेंसियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।