वाराणसी एयर शो की तैयारी तेज, बसंता कॉलेज के पास पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस आयुक्त ने लिया जायजा
22, 23 और 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित एयर शो को लेकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने पार्किंग, रूट, ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।
वाराणसी, 26 सितम्बर । पुलिस आयुक्त (कमिश्नरेट वाराणसी) मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी (वाराणसी) सत्येन्द्र कुमार ने 22, 23 एवं 25 अक्टूबर 2026 को वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो के लिए बसंता महिला कॉलेज के पास पार्किंग, रूट एवं सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर वर्तमान व्यवस्थाओं एवं भौतिक स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि एयर शो जैसे बड़े आयोजन में आने वाले नागरिकों की सुविधा, सुगम यातायात तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि वीआईपी एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के आवागमन के लिए निर्धारित रूटों की समीक्षा की जाए और वैकल्पिक मार्ग एवं प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन प्लान को पूर्व से ही तैयार रखा जाए। हेलीपैड की सुरक्षा, आपातकालीन व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा घेरा बनाने को व्यवस्था रखें। एयर शो के दौरान आमजन की सुविधा, सुगम यातायात एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी है।
इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा एवं प्रशासनिक अधिकारीगण सहित सम्बन्धित सहायक पुलिस आयुक्त उपस्थित रहे।