यूपी के प्रयागराज समेत कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, किसानों और आम लोगों को खराब मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह

यूपी के प्रयागराज समेत कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा

प्रयागराज, 18 अगस्त । आगामी चौबीस घंटे के मध्य प्रयागराज सहित उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में गरज चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है। प्रदेश में
मानसून की सक्रियता के चलते मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की ओर से 18 अगस्त की सुबह चेतावनी जारी किया है।

जिला स्तरीय तात्कालिक मौसम चेतावनी में प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर बारिश की तीव्रता अधिक रहने के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसूनी गतिविधियों के कारण उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।

इन जिलों में बारिश और गरज-चमक के आसार

मौसम विभाग के जिला स्तरीय अलर्ट के अनुसार मैनपुरी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, फर्रुखाबाद, रायबरेली, अमरोहा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं संभल, मिर्जापुर, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, जौनपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, औरैया, कानपुर नगर, कन्नौज, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस, कासगंज, अलीगढ़, इटावा, आजमगढ़, लखनऊ, फर्रुखाबाद, हरदोई, सुल्तानपुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

बिजली गिरने की आशंका, सावधानी जरूरी

डॉ. सुनील पांडेय ने कहा कि बारिश के दौरान मेघगर्जन और आकाशीय बिजली की गतिविधियां भी हो सकती हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बिजली चमकने के दौरान खुले खेतों, तालाबों और जलाशयों के पास जाने से बचना चाहिए। पेड़ों के नीचे खड़े होने के बजाय सुरक्षित पक्के स्थान पर रहना बेहतर होगा।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के साथ पूर्वांचल के कई हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने तथा लोगों को उमस से राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, तेज बारिश वाले क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर जलभराव की स्थिति बन सकती है।

मौसम वैज्ञानिक ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की ताजा चेतावनी पर नजर रखें और गरज-चमक के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें।